Trending

एशिया कप : लंबे समय बाद कोहली- राहुल का शतक, जवाब में पाक के गिरे तीन विकेट

विराट कोहली (122 रन) और केएल राहुल (111 रन) के शानदार शतक से एशिया कप सुपर-4 चरण में भारत ने पाक के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 356 रन बनाए है।

जवाब में पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 10.4 ओवरों में दो विकेट पर 43 रन बना लिए थे कि फिर बारिश आने के चलते मैच फ़िलहाल रोक दिया गया था। वहीं बारिश के बाद जब मैच फिर शुरू हुआ तब पाकिस्तान ने समाचार लिखे जाने तक 14.3 ओवर में तीन विकेट पर 62 रन बना लिए थे।

इससे पहले रविवार को खेल रोके जाने तक क्रीज पर विराट कोहली (8) और केएल राहुल (17) मौजूद थे। इन दोनों बल्लेबाजों ने रिजर्व डे में अपने बल्ले की चमक बिखेरी और तीसरे विकेट के लिए 193 गेंदों में 233 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इस बीच राहुल और कोहली ने अपने-अपने शतक मारे। पाक की तरफ से सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए। पाक की तरफ से शाहीन अफरीदी और शादाब खान ने 1-1 विकेट लिए।

बीते रविवार (10 सितंबर) को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को रोहित और गिल ने जोरदार शुरुआत दिलाई थी।

इस सलामी जोड़ी ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 121 रन की पार्टनरशिप की थी। भारतीय कप्तान 49 गेंदों में 56 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हो गए। उनके विकेट के पतन के कुछ देर बार गिल भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने 52 गेंदों में 58 रन बनाए।

जब भारत ने 24.1 ओवर के बाद 147/2 का स्कोर बना लिया था, तब बारिश ने खेल रोका और रविवार को आगे मैच सम्भव नहीं हो पाया। इसके बाद बचा हुआ मैच रिजर्व डे के लिए शिफ्ट हुआ। विराट कोहली ने वनडे की 267 पारियों मं 13,000 रन बनाए है। वह सबसे कम पारियों में यह आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज है।

उन्होंने पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 321 पारियों में यह आंकड़ा छूआ था। ऑस्ट्रेलिया के पोंटिंग ने 341 पारियों में, श्रीलंका के संगाकारा ने 363 पारियों में और जयसूर्या ने 416 पारियों में 13,000 रन पूरे किए थे।

राहुल ने विराट के साथ मिलकर पहले पारी को संभाला और धीरे-धीरे उन्होंने रन गति को बढ़ाना शुरू किया। राहुल ने 100 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 106 गेंदों में 111 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। यह पाक के खिलाफ उनका पहला शतक है। इसके साथ-साथ यह उनके वनडे करियर का छठा शतक है।