एशियाई खेल : भारतीय पुरुष टीम के कोच बने वीवीएस लक्ष्मण
एशियाई खेल के लिए पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को भारतीय पुरुष टीम का प्रमुख कोच बनाया गया है, ऋषिकेश कानितकर को महिला टीम के कोच की जिम्मेदारी मिली है।
नेशनल क्रिकेट एकेडमी के प्रमुख लक्ष्मण भारतीय टीम के प्रमुख कोच राहुल द्रविड़ की अनुपस्थिति में कई बार प्रमुख कोच बन चुके है।
हाल ही में उन्होंने टीम इंडिया के साथ आयरलैंड का दौरा किया था। उनके साथ साईराज बहुतुले गेंदबाजी कोच और मुनीष बाली फील्डिंग कोच होंगे। महिला टीम के लिए राजीब दत्ता गेंदबाजी कोच और शुभदीप घोष फील्डिंग कोच होंगे।

एशियाई खेल के लिए भारतीय क्रिकेट टीमों के सपोर्ट स्टाफ का ऐलान सोमवार को की गई। भारत की पुरूष और महिला दोनों टीमें सीधे क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचेंगी।
भारतीय पुरूष टीम का पहला मैच 3 अक्तूबर को होगा, सेमीफाइनल में पहुंचने पर 5 अक्तूबर को भारत का मैच होगा। पुरूष टीम का फाइनल 7 अक्तूबर को होगा। महिला टीम 21 सितंबर को क्वार्टर फाइनल और 23 सितंबर को सेमीफाइनल मैच खेलेगी। महिला फाइनल 25 सितंबर को होगा।
कानितकर इससे पहले भी महिला टीम के प्रमुख कोच रह चुके है। वह इस वर्ष हुए टी20 विश्व कप के दौरान टीम के कोच थे।
महिला टीम दिसंबर 2022 से ही एक स्थायी कोच के अभाव में है और अभी भी नियुक्ति होना बाक़ी है। ऋतुराज गायकवाड़ पुरूष टीम की अगुवाई करेंगे।
दो अंतररष्ट्रीय मैचों के प्रतिबंध की वजह से हरमनप्रीत कौर भारत के फाइनल में ही पहुंचने पर खेल पाएंगी। ऐसे में स्मृति मांधना शुरुआती मैचों में टीम की कप्तान होंगी।