एशिया कप : कोहली,राहुल व कुलदीप का कमाल, पाक के खिलाफ भारत की शानदार जीत
विराट कोहली (122 रन) और केएल राहुल (111 रन) के शानदार शतकों के बाद कुलदीप यादव (5 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से एशिया कप सुपर-4 में भारत ने पाक को 228 रनों से हराया।
विराट और राहुल के नाबाद शतक और दोनों के बीच अटूट दोहरी शतकीय पार्टनरशिप से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट पर 356 रन बनाए।

कोहली ने अपने 47वें शतक के दौरान 94 गेंद में 9 चौके और 3 छक्के से नाबाद 122 रन बनाए। उन्होंने लंबे टाइम बाद मैदान पर लौटे राहुल (नाबाद 111 रन, 106 गेंद, 12 चौके, दो छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 233 रन की अटूट साझेदारी भी की।
इन दोनों ने डेथ ओवरों में आक्रामक रुख अपनाया, जिससे भारत अंतिम 10 ओवर में 105 रन जोड़ने में सफल रहा। कोहली का आर प्रेमदासा स्टेडियम में यह लगातार चौथा शतक है।
इस मैच को खत्म होने में दो दिन लग गए। लगभग 16 घंटे तक चले इस मैच में पहले रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने हवाई फायर से हौसला तोड़ा तो रिजर्व डे पर विराट और राहुल ने शतकीय पारी खेलते हुए पाक के खिलाफ सबसे बड़े रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।

बड़े लक्ष्य के आगे न सिर्फ दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बाबर आजम ने हथियार डाले, मोहम्मद रिजवान, फखर जमां के साथ-साथ पाक बल्लेबाजों के हौसले ने भी जवाब दे दिया। टीम 32 ओवरों 8 विकेट पर 128 रन ही बना सकी।
उसके दो बल्लेबाज इंजर्ड थे तो वे बैटिंग करने नहीं उतरे। इस तरह से भारत ने 228 रनों से जीत हासिल करते हुए बता दिया कि अब भी पाक को बराबरी की टक्कर देने में कई वर्ष लग जाएंगे। यह वनडे में पाक के खिलाफ भारत की रनों के मामले में बड़ी जीत है।
रविवार को लगातार बारिश की वजह से यह मैच बीच में रोकना पड़ा था और सोमवार को रिजर्व दिन मैच आगे खेला गया। भारत ने कल 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बना बनाए थे।
सलामी बल्लेबाजों कप्तान रोहित शर्मा (56) और शुभमन गिल (58) ने अर्धशतक मारने के अलावा पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।
भारत ने लगातार ओवरों में दोनों के विकेट गंवा दिए थे। रोहित ने 17वें ओवर में स्पिनर शादाब खान की गेंद पर फहीम अशरफ को कैच थमा बैठे, शाहीन शाह अफरीदी की गेंद पर गिल कवर में आगा सलमान को कैच दे बैठे।
सोमवार को भी मैच बारिश की वजह से एक घंटा 40 मिनट देर से शुरू हुआ। मैच बहाल होने पर राहुल 17, कोहली आठ रन से आगे खेलने उतरे।
राहुल ने फहीम अशरफ की गेंद पर एक रन के साथ 60 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत के रनों का दोहरा शतक 33वें ओवर में पूरा हुआ। कोहली ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी और बीच में खराब गेंदों को सबक भी सिखाया।
उन्होंने धीमी शुरुआत के बाद लय पकड़ी और शादाब की गेंद पर एक रन के साथ 55 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने 43वें ओवर में इफ्तिखार पर अपना पहला छक्का मारा और इसी ओवर में चौका जड़ा।
आईपीएल के दौरान जांघ की चोट और ऑपरेशन के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे राहुल ने नसीम शाह की गेंद पर दो रन के साथ 100 गेंद में शतक पूरा किया।
कोहली 98 रन पूरे करते ही वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 13 हजार रन पूरे करने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बने।
कोहली ने शाहीन की गेंद पर एक रन के साथ 84 गेंद में अपना 47वां शतक पूरा किया। बारिश की वजह से रद्द हुए ग्रुप मैच में भारत के खिलाफ सभी 10 विकेट चटकाने वाले शाहीन (79 रन पर एक विकेट), नसीम शाह (बिना विकेट के 53 रन) और हारिस रउफ (बिना विकेट के 27 रन) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के इस मैच में एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाक की शुरुआत खराब रही। टीम ने पांचवें ओवर में ही इमाम उल हक का विकेट गंवा दिया, जिन्होंने बुमराह की गेंद पर शुभमन गिल को कैच थमाया।
कप्तान बाबर आजम 24 गेंद में 10 रन की धीमी पारी खेलने के बाद 11वें ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंद पर आउट हो गए। बारिश की वजह से एक घंटे से अधिक समय तक खेल रुका रहा।
खेल दोबारा शुरू होने पर शार्दुल ठाकुर ने चौथी ही गेंद पर मोहम्मद रिजवान (02) को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच करके पाक का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन किया।
सलामी बल्लेबाज फखर जमां और आगा सलमान ने पारी को आगे बढ़ाया। फखर 21 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप की गेंद पर स्लिप में रोहित ने उनका कैच टपका दिया। फखर इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और 27 रन बनाने के बाद कुलदीप के अगले ओवर में आउट हो गए।
कुलदीप ने सलमान (23) को पगबाधा करके पाक का स्कोर पांच विकेट पर 96 रन किया। पाकिस्तान के रनों का शतक 25वें ओवर में पूरा हुआ। कुलदीप ने शादाब खान (06) और इफ्तिखार (23) को लगातार ओवरों में आउट किया।
कुलदीप के अगले ओवर में शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 07) ने पारी का पहला छक्का मारा, लेकिन इस स्पिनर ने तीन गेंद बाद फहीम अशरफ (04) को आउट करके भारत की जीत सुनिश्चित की। हारिस रउफ और नसीम शाह चोटिल होने की वजह से बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।