हांगकांग ओपन : तनीषा क्रेस्टो व अश्विनी पोनप्पा अगले दौर में, लक्ष्य सेन ने वापस लिया नाम
हांगकांग ओपन बैडमिंटन के दूसरे दिन दुनिया की 50वें नंबर की तनीषा क्रेस्टो और अश्विनी पोनप्पा की भारतीय जोड़ी ने अपना राउंड ऑफ 32 का मैच जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
एशियाई खेल की तैयारियों के मद्देनज़र एचएस प्रणॉय, किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु के द्वारा टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेने के बाद लक्ष्य सेन भारत की तरफ से ख़िताब के प्रबल दावेदार थे।

इससे पहले राष्ट्रमंडल खेल के विजेता और इस साल कनाडा ओपन का ख़िताब अपने नाम करने वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 सीरीज की प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया।
बता दें कि टूर्नामेंट में 8वीं वरीयता प्राप्त भारत के लक्ष्य सेन, शीर्ष रैंकिंग वाले भारतीय पुरुष खिलाड़ी एचएस प्रणॉय की ग़ैर-मौजूदगी में हांगकांग ओपन में सर्वोच्च रैंकिंग वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी थे।
वर्तमान बैडमिंटन रैंकिंग में एचएस प्रणॉय 7वें स्थान पर है, लक्ष्य सेन दुनिया में 13वें नंबर के शटलर है। पहले दौर में, दुनिया के 28वें नंबर के भारतीय शटलर प्रियांशु राजावत को जापान के कांता सुनेयामा के ख़िलाफ़ 13-21, 14-21 से हार मिली।
पुरुष एकल स्पर्धा में भारत का अभियान ख़त्म हो गया। इस बीच हांगकांग के कॉव्लून में स्थित हांगकांग कोलेज़ियम के बैडमिंटन कोर्ट में हुए मैच में अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रेस्टो की भारतीय महिला युगल जोड़ी, ली चिया सिन और टेंग चुन सुन की चीनी ताइपे जोड़ी को 21-19, 21-19 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।
अश्विनी पोनप्पा और बी सुमित रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी को पहले दौर के मैच में मलेशिया के चेन तांग जी और तोह ई वेई के ख़िलाफ़ 16-21, 21-16, 18-21 से हार झेलनी पड़ी।
रोहन कपूर और सिक्की रेड्डी की एक अन्य मिश्रित युगल जोड़ी को योंग काई टेरी ही और टैन वेई हैन जेसिका की सिंगापुर की जोड़ी से 19-21, 10-21 से हार मिली।
मालविका बंसोड़ और आकर्षी कश्यप की हार के साथ महिला एकल में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है। आकर्षी कश्यप को पहले दौर में यवोन ली ने 18-21, 10-21 से हराया।
क्वालीफायर में जीत के बाद मुख्य ड्रॉ में प्रवेश करने वाली मालविका बंसोड़ दुनिया की 17वें नंबर की चीनी खिलाड़ी झांग यि मान के ख़िलाफ़ 14-21, 12-21 से हारकर बाहर हो गई।
पुरुष युगल स्पर्धा में, कृष्णा प्रसाद गर्ग और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला की एकमात्र भारतीय जोड़ी को दक्षिण कोरिया के को सुंग ह्यून और शिन बाक चेओल के ख़िलाफ़ 14-21,19-21 से हारे। पुरुष युगल स्पर्धा में भी भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल और मिश्रित युगल में भारत का अभियान समाप्त हो गया। सिर्फ दो भारतीय महिला युगल टीमें – गायत्री गोपीचंद/त्रिशा जॉली और अश्विनी पोनप्पा/तनीषा क्रेस्टो, गुरुवार को हांगकांग ओपन में प्रतिस्पर्धा करेंगी। हांगकांग ओपन के नतीजे पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग रैंकिंग में भी गिने जाएंगे।