एशिया कप : श्रीलंका- पाकिस्तान के बीच होगा तीसरा व अंतिम सुपर-4 मैच
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का 5वां सुपर-4 मैच होगा। मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय टाइमिंग के मुताबिक दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा। इसका टॉस दोपहर 2:30 बजे होगा।
यह दोनों ही टीमों का तीसरा और अंतिम सुपर-4 मैच है। डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका ने पहले मैच बांग्लादेश को 21 रन से हराया था और दूसरे मैच में भारत से 41 रन से हारी थी। दूसरी ओर पाकिस्तान ने पहले सुपर-4 मैच में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया और दूसरे में भारत से 228 रन से हार गई।
आज जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनेगी, दूसरी बाहर हो जाएगी। यदि श्रीलंका हार जाता है तो एशिया कप इतिहास में पहली बार भारत और पाक फाइनल खेला जाएगा।

श्रीलंका और पाकिस्तान के 2-2 पॉइंट्स है और मैच जीतने वाली टीम के पास 4 पॉइंट्स होंगे। भारत पहले ही 4 पॉइंट्स लेकर टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच चुका है। अगर मैच बारिश की वजह से रद्द होता है, तो श्रीलंका टीम फाइनल खेलेगी। क्योंकि उसका रन रेट पाकिस्तान से बेहतर है।
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच अभी तक 155 वनडे खेले जा चुके है। पाकिस्तान ने 92 और श्रीलंका ने 58 मैचों में जीत दर्ज की है। 4 मैच नो रिजल्ट और एक मैच टाई रहा है।
वनडे फॉर्मेट में दोनों टीमें आखिरी बार 2019 में आमने-सामने हुई थीं, तब पाकिस्तान को जीत मिली थी। अगर पाकिस्तान यह मैच जीतता है, तो उनकी श्रीलंका पर लगातार नौवीं जीत होगी।
श्रीलंका की तरफ से एशिया कप में सबसे ज्यादा रन सदीरा समरविक्रमा के नाम है। दुनिथ वेल्लालागे ने देश के लिए सबसे ज्यादा विकेट लिए है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच से पहले बताया कि नसीम शाह कंधे में इंजरी के चलते एशिया कप से बाहर हो गए है। उनकी जगह जमान खान को टीम में शामिल किया गया है।
हारिस रऊफ इंजरी के कारण भारत के खिलाफ बॉलिंग नहीं कर सके थे, उन्हें भी श्रीलंका के खिलाफ आराम दिया जाएगा। रऊफ की जगह मोहम्मद वसीम जूनियर को मौका मिला है।
मैच से पहले पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग-11 अनाउंस कर दी। हारिस, नसीम के साथ फहीम अशरफ और फखर जमान को भी बाहर किया गया है। इनकी जगह मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, जमान खान और मोहम्मद वसीम खेलेंगे।
एशिया कप में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान बाबर आजम ने बनाए है। गेंदबाजी में हारिस रऊफ ने शानदार प्रदर्शन किया है। कोलंबो में गुरुवार को बारिश की 93 फीसदी आशंका है। तापमान 26 से 31 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिनरों के लिए मददगार रही है, साथ ही यहां बल्लेबाजों को भी अच्छी मदद मिलती है। दूसरी तरफ, तेज गेंदबाजों को इस मैदान पर मुश्किल होती है।
श्रीलंका संभावित प्लेइंग इलेवन : दसुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असालंका, धनंजय डी सिल्वा, दुनिथ वेल्लालागे, महीश तीक्षणा, मथीश पथिराना और कसुन रजिथा
पाकिस्तान संभावित प्लेइंग इलेवन: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद हारिस, इमाम-उल-हक, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद वसीम जूनियर और जमान खान।