Trending

टेनिस के क्षेत्र में नहीं है प्रतिभाओं की कोई कमी : रोहित राजपाल

लखनऊ : देश में प्रतिभावान टेनिस प्लेयर्स की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए भारतीय डेविस कप टीम के नान प्लेयिंग कप्तान रोहित राजपाल ने सेंटर आफ एक्सीलेंस की जरूरत पर बल दिया।

टेनिस दिग्गज ने बोला कि, आज टेनिस बहुत अधिक पेचीदा और विशेषज्ञता वाला खेल हो गया है ऐसे में हमें भी अपनी तैयारी उसी स्तर पर करनी है।

इसके लिये केवल इंफ्रास्ट्रक्चर पर पैसा खर्च करने से कुछ नहीं होगा बल्कि हमे आज के जमाने की टेनिस खेलने के लिये प्रशिक्षण पद्धति में भी फेरबदल करनी होगी।

डेविस कप विश्व ग्रुप-2 में मोरक्कों के खिलाफ 16 सितंबर से शुरू होने वाले मैच से पहले पत्रकारों से बातचीत में राजपाल ने गुरुवार को कहा कि टेनिस के क्षेत्र में प्रतिभाओं की आज भी कोई कमी नहीं है।

जरूरत इन प्रतिभाओं को दिशा दिखाने की है जिसके लिये एक्सीलेंस सेंटर कारगर साबित हो सकते है। इस बारे में केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय से आइटा के अधिकारी बातचीत कर रहे है।

उन्होने कहा कि एक्सिलेंस सेंटर जैसी सुविधा के बिना ज्यादा खिलाड़ी विश्व स्तर पर कमाल नहीं दिखा पा रहे है। एक समय में विजय अमृतराज,महेश भूपति,लियेंडर पेस और सानिया मिर्जा का विश्व टेनिस में काफी नाम था।

आज देश में टेनिस के स्तर में गिरावट आयी है जो निश्चित रूप से इस खेल को पसंद करने वालों को चिंता में डालने वाला है, इसके लिये हमें तत्परता से कदम उठाने होंगे। सेंटर आफ एक्सीलेंस इस दिशा में महती भूमिका निभा सकता है।

राजपाल ने बोला कि अब पूर्वी यूरोप और दूसरे देशों को तर्ज पर हमें काम करने की जरुरत है। कुछ दशक पहले तक टेनिस में अमेरिका और स्वीडन का डंका बजता था मगर आज यूरोप के देशों ने यह जगह ले ली है।

डेविस कप के मौजूदा फार्मेट को भी पेचीदा बताते हुये उन्होने बोला कि सभी एशियाई देश इसका विरोध कर रहे है। टेनिस के हित के लिये खेल के पुराने फार्मेट को फिर से अपनाना होगा ताकि टूर्नामेट का रोमांच बरकरार रहे। मौजूदा फार्मेट खतरनाक है।

उन्होने कहा कि 23 सालों के लंबे अंतराल के बाद नवाब नगरी लखनऊ डेविस कप की मेजबानी कर रही है। यह यहां के प्लेयर्स के लिये एक अवसर है। टीवी पर मैच देखकर आप प्लेयर्स की शैली को बारीकी से नहीं समझ सकते, कोर्ट में देखकर सीखने का यह अनूठा अवसर है।

उन्होने सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुये बोला, “ सीएम डेविस कप के आयोजन को लेकर काफी उत्साहित है और हमारी जरूरतों को पूरा कर रहे है। इसके लिये हम सब उनके आभारी है। शुक्रवार को उनकी मौजूदगी में डेविस कप मैच के ड्रा निकाले जायेंगे।

मोरक्को टीम के कप्तान मेहदी ताहिरी ने बोला कि, उनके देश में आए भूकंप ने उनकी पूरी टीम को हिलाकर रख दिया है। ऐसे समय में घरों से दूर रहकर खेलना बहुत मुश्किल है।

मेहदी ने बोला कि यहां पर मौसम काफी गर्म और उमस से भरा है पर अब उनके खिलाड़ी स्थितियों में खुद को ढाल रहे है। उन्होंने कहा कि दो-तीन पहले से उनका आना उनके काम आ रहा है।

मेहदी ने दावा किया कि वो मैच के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि भले ही भारत की टीम कागजों पर मजबूत है पर डेविस कप में कुछ भी संभव है।