Trending

एशिया कप : काम ना आई शुभमन गिल का शतक, बांग्लादेश 6 रन से विजयी

शाकिब अल हसन (80 रन) और तौहिद ह्रदोय (54 रन) की पारी के बाद मुस्तफ़िज़ूर रहमान (3 विकेट) की गेंदबाजी से एशिया कप के आखिरी सुपर-4 मैच में बांग्लादेश ने भारत को 6 रन से हराया।

शुभमन गिल का शतक और अंत में अक्षर पटेल की तेजतर्रार पारी भी बांग्लादेश के खिलाफ काफी नहीं रही। बांग्ला टाइगर्स पहले अच्छी बल्लेबाजी और कसी हुई गेंदबाजी के बूते अपनी इज्जत बचाने में सफल रहे। पहले से ही फाइनल में जगह बना चूका भारत को इस टूर्नामेंट में पहली हार मिली।

ICC @ICC

यह एशिया कप के इतिहास में बांग्लादेश की भारत पर केवल दूसरी जीत है, भारत को मीरपुर, 2012 में हार मिली थी। इस मैच का नतीजा दोनों टीमों के लिए मायने नहीं रखेगा। टूर्नामेंट का फाइनल भारत-श्रीलंका के बीच 17 सितंबर को होगा।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने भारत के सामने 265 रन का टारगेट रखा। बाद में स्पिनर्स ने जाल बुनते हुए भारतीय बल्लेबाजों पर नकेल कसी।

अंतिम ओवर में भारत को 12 रन चाहिए थे और उसका सिर्फ एक ही विकेट बचा था। शमी ने एक चौका जरूर जड़ा, पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए, इस तरह बांग्लादेश को छह रन से जीत मिली।

भारत एशिया कप के फाइनल में पहले ही पहुंच चुकी थी और सुपर-4 स्टेज का अंतिम मैच उसके लिए अभ्यास की तरह था। इस मैच में टीम पांच बदलावों के साथ आई और बेंच पर बैठे फास्ट बॉलर्स मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा को इलेवन में रखा।

युवा तिलक वर्मा को वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका मिला। बांग्लादेश के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं था। कप्तान शाकिब अल हसन (80 रन) और तौहिद ह्रदोय (54 रन) ने भारत के कम धारधार बोलिंग अटैक का फायदा उठाते हुए अर्धशतक जड़े।

इसकी बदौलत बांग्लादेश ने आठ विकेट पर 265 रन का अच्छा स्कोर खड़ा किया। बाद में उसके गेंदबाजों ने धारदार खेल दिखाया। भारत के लिए सूर्यकुमार, तिलक और केएल राहुल ने अगर तीन कैच लपक लिए होते तो बांग्लादेश की पारी शायद पहले ही खत्म हो जाती।

भारत ने इस मैच में विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव को आराम दिया, तिलक वर्मा को वनडे में डेब्यू करवाया। इससे मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा, शार्दुल ठाकुर और सूर्यकुमार यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।

भारत ने इस मैच से दो लक्ष्य हासिल किए, एक तो यह प्रदर्शन श्रीलंका को फाइनल के लिए अपनी तैयारी दिखाने के लिए काफी रहा और दूसरा संभावित प्लेयर्स के प्रदर्शन से टीम प्रबंधन भी किसी भी स्थिति के लिए अपने ‘बैक अप’ प्लेयर्स की उपलब्धता पर आश्वस्त हो गया।

ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 2,000 से अधिक रन और 200 से अधिक विकेट लेने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के 14वें क्रिकेटर बने। जडेजा अपना 182वां वनडे इंटरनेशनल खेलने उतरे।

उन्होंने बांग्लादेश के शमीम हुसैन को आउट करके वनडे इंटरनेशनल में अपने 200 विकेट पूरे किए। जडेजा से पहले भारत की ओर से यह उपलब्धि महान ऑलराउंडर कपिल देव ने हासिल की थी।

उन्होंने 225 वनडे में 3783 रन बनाने के अलावा 253 विकेट भी लिए थे। जडेजा वनडे में 200 विकेट लेने वाले सातवें भारतीय गेंदबाज बने। उनसे पहले अनिल कुंबले (337 विकेट), जवागल श्रीनाथ (315), अजित अगरकर (288), जहीर खान (282), हरभजन सिंह (269) और कपिल देव (253) इस मुकाम पर पहुंचे थे।