भारत के हाथ से फिसला नंबर-1 वनडे टीम बनने चांस
भारतीय टीम को एशिया कप सुपर-4 के 6ठें और अंतिम मैच में बांग्लादेश के हाथों 6 रनों से हार मिली। यह भारत की इस टूर्नामेंट की पहली हार है।
बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले भारत दूसरे पायदान पर था, अगर टीम इंडिया इस मैच में जीत दर्ज करती तो उनके पास नबंर-1 वनडे टीम बनने का अवसर था क्योंकि दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था।
इस हार के साथ भारत ने ना केवल नंबर-1 वनडे टीम बनने का सुनहरा अवसर गंवाया है, आईसीसी वनडे रैंकिंग में भी उन्हें एक पायदान का नुकसान हुआ है।

एशिया कप में ही श्रीलंका के हाथों हारने के बाद बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम रैंकिंग में तीसरे पायदान पर खिसक गई थी। पाक के खाते में 115 रेटिंग है, बांग्लादेश के खिलाफ मैच हारने से पहले भारत 116 रेटिंग्स के साथ दूसरे पायदान पर था।
भारत को नंबर-1 टीम बनने का समीकरण यह था कि टॉप पर बैठी ऑस्ट्रेलियाई टीम को दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़े और भारत बांग्लादेश को धूल चटाए।
ऑस्ट्रेलिया ने तो दक्षिण अफ्रीका से हारकर भारत को नंबर-1 का पायदान हासिल करने का पूरा-पूरा अवसर दिया, मगर भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ जीत नहीं दर्ज कर सकी।
भारत बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार के बाद 114 रेटिंग्स के साथ तीसरे पायदान पर आ गया है। पाक दूसरे पायदान पर है। ऑस्ट्रेलिया वनडे क्रिकेट की नंबर-1 टीम है, उनकी रेटिंग्स 115 है।
बांग्लदेश ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 266 रन का लक्ष्य रखा और भारत को 49.5 ओवर में 259 पर ऑलआउट कर दिया। भारत के लिए ओपनर शुभमन गिल ने जुझारू शतकीय पारी खेली। उन्होंने 133 गेंदों में 8 चौकों और 5 छक्कों से 122 रन बनाए।
बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने तीन, डेब्यूटेंट तंजीम हसन साकिब और महेदी हसन ने दो-दो विकेट झटके। शाकिब अल हसन और मिराज ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छा आगाज नहीं किया। कप्तान रोहित शर्मा पहले ओवर में ही अपना विकेट गंवा बैठे। डेब्यूटेंट तिलक वर्मा (9 गेंदों में 5), विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल (39 गेंदों में 19) और ईशान किशन (15 गेंदों में 5) बड़ी पारी खेलने में विफल रहे।
गिल ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़ने के बाद सूर्यकुमार यादव (34 गेंदों में 26) के संग पांचवें विकेट के लिए 45 रन की पार्टनरशिप की।
गिल ने जडेजा (12 गेंदों में 7) के साथ 31 और अक्षर पटेल (34 गेंदों में 42) के संग 39 रन की पार्टनरशिप की। गिल 44वें ओवर में आउट हो गए। अक्षर और शार्दुल ठाकुर (13 गेंदों में 11) ने आठवें विकेट के लिए 40 रन जोड़े।
भारत को अंतिम दो ओवर में जीत के लिए 17 रन चाहिए थे, अक्षर और शार्दुल के 49वें ओवर में आउट होने से मैच हाथ से फिसल गया। भारत को 50वें ओवर में 12 रन की दरकार थी, मोहम्मद शमी केवल एक चौका लगा सके। उनके रन आउट होते ही भारतीय पारी सिमट गई।