एशिया कप : अक्षर पटेल के कवर के तौर पर वाशिंगटन सुंदर को बुलावा
भारत-श्रीलंका के बीच रविवार को खेले जाने वाले एशिया कप फाइनल के लिए चोटिल अक्षर पटेल के कवर के तौर पर वाशिंगटन सुंदर को बुलाया है।
बीसीसीआई के सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बोला, “अक्षर को कई चोट लगी है। उनकी हाथ की छोटी ऊंगली चोटिल है और एक थ्रो से गेंद उनके हाथ में लग गयी थी। उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट भी है।
इसलिये वाशिंगटन को बुलाया गया है। अक्षर को बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम सुपर फोर मैच में कई चोट लग गयी थीं जिसमें भारत को छह रन से हार मिली थी।

उनकी चोटों की गंभीरता की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन ऐहतियाती कदम उठाते हुए गेंदबाजी आल राउंडर वाशिंगटन को बुला लिया गया है जो भारत की एशियाई खेल की टीम का हिस्सा थे।
विश्व कप से तीन हफ्ते पहले टीम इंडिया प्रबंधन के लिए चिंता की बात उनकी हैमस्ट्रिंग चोट होगी। वाशिंगटन ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते है, उन्होंने भारत के लिए अंतिम वनडे इस वर्ष जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर खेला था।
सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 121 रन के बावजूद भारत को एशिया कप के अंतिम सुपर फोर मैच में बांग्लादेश से छह रन से हार मिली।
बांग्लादेश ने अपने स्पिनरों और कप्तान शाकिब अल हसन के हरफनमौला प्रदर्शन से भारत को जीत के लिए 266 रन का लक्ष्य देकर उसे 49.5 ओवर में 259 रन पर समेट दिया।
इस मैच का नतीजा दोनों टीमों के लिए मायने नहीं रखेगा क्योंकि भारत पहले ही रविवार को होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है जिसमें उसका सामना श्रीलंका से होगा। बांग्लादेश पहले ही एशिया कप से बाहर हो चुका है। एशिया कप का फाइनल रविवार को भारत और श्रीलंका के बीच होगा।