एशियाई खेल : भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने कंबोडिया के खिलाफ 3-0 की जीत से शुरू किया सफर
एशियाई खेल में भारत ने पुरुषों की वॉलीबॉल टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए कंबोडिया को 3-0 से हराया। पुरुषों की वॉलीबॉल को पहली बार 1958 में टोक्यो एशियाई खेल में पेश किया गया था, जहां भारत ने तीसरा स्थान हासिल किया था।
भारतीय पुरुषों ने अभी तक कुल तीन वॉलीबॉल पदक जीते है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1962 में आया जब वे उपविजेता रहे। भारत के अन्य दो पदक 1958 और 1986 में जीते गए कांस्य थे, जिनमें से अंतिम 37 वर्ष पहले आया था।

भारत ने पूल सी मैच में निचली रैंकिंग वाले कंबोडिया को 25-14, 25-13, 25-19 से आसानी से हराया। भारत को कड़ी परीक्षा का सामना करना पड़ेगा क्योंकि उसका मैच पूल सी की दूसरी टीम दुनिया की 27वें नंबर की टीम दक्षिण कोरिया से है।
हांग्जो खेल में पुरुष वॉलीबॉल में कुल 19 टीमें खेल रही है। जापान, चीन और दक्षिण कोरिया को टूर्नामेंट की तीन प्रमुख शक्तियाँ माना जाता है।
जापान ने एशियाई खेल में पुरुषों की वॉलीबॉल में 16 स्वर्ण के साथ 27 पोडियम फिनिश हासिल की है, चीन 11 स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर है और कोरिया पांच स्वर्ण पदक के साथ तीसरे स्थान पर है।