एशियाई खेल : भारत-पाकिस्तान के बीच इन खेलों में होगी टक्कर
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में होने वाला एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया तो दूसरा मैच भारत ने एकतरफा अंदाज में जीता। इसके बाद एशियन गेम्स 2022 में फैन्स को क्रिकेट सहित अलग-अलग खेलों में भारत और पाकिस्तान की टक्कर देखने को मिलेगी।

नीरज चोपड़ा बनाम अरशद नदीम
जैवलिन थ्रो में इस बार भारत और पाकिस्तान की सीधी टक्कर होगी। भारत के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम गोल्ड के लिए दावेदारी पेश करेंगे।
जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियन है। अरशद नदीम कॉमनवेल्थ चैंपियन होने के साथ-साथ 90 मीटर का मार्क भी हासिल कर चुके है। नीरज अभी तक यह दूरी तय नहीं कर पाए है। ये खिलाड़ी 4 अक्टूबर को आमने-सामने होंगे।
कबड्डी
कबड्डी में भी भारत और पाकिस्तान के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। इस बार दोनों टीमेंअलग-अलग ग्रुप में है। नॉकआउट राउंड में दोनों का आमना-सामना हो सकता है। वैसे ये दोनों ही देश कबड्डी के पावरहाउस है। पाकिस्तान की पुरुष टीम दो बार एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंची है और दोनों ही बार उसे भारत से हार मिली।
हॉकी
क्रिकेट से भी पहले से हॉकी के मैदान भारत-पाकिस्तान के बीच जंग का माहौल बनता आ रहा है। ओलंपिक से लेकर वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स तक में इन दो देशों के बीच गोल्ड के लिए तगड़ी प्रतिद्वंद्विता है। बीते कुछ वर्षों में पाकिस्तानी हॉकी का स्तर गिरा है, फिर भी इन दोनों टीमों का मैच रोमांचक ही होता है। इस बार एशियन गेम्स में ये दोनों टीमें 30 सितंबर को आमने-सामने होंगी।
क्रिकेट में भी हो सकती है टक्कर
एशियन गेम्स में इस बार क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। पुरुष और महिला दोनों ही वर्ग में भारत और पाकिस्तान सीधे क्वार्टर फाइनल खेलेंगे। सेमीफाइनल में भी दोनों का सामना नहीं होगा।
हालांकि दोनों टीमें अगर जीत हासिल करती है तो फैन्स को फाइनल में दोनों टीमों का मैच देखने को मिल सकता है। महिला और पुरुष दोनों वर्ग का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच हो सकता है।
टेनिस कोर्ट पर दिग्गजों का आमना-सामना
टेनिस कोर्ट पर भारत की ओर से रोहन बोपन्ना और पाकिस्तान के ऐसाम अल कुरैशी एशियन गेम्स में भाग लेने वाले है। ये दोनों एक साथ साल 2010 में यूएस ओपन का फाइनल खेल चुके है। हालांकि, जब इनका आमना-सामना होगा तो मैच देखने लायक होगा, क्योंकि दोनों को एक-दूसरे की खूबियां और कमियां अच्छे से पता है।