Trending

वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में अंतिम पंघाल की उलटफेर भरी जीत, अब इतिहास रचने पर निगाह

भारतीय युवा पहलवान अंतिम पंघाल ने क्वालीफिकेशन दौर में अमेरिका की मौजूदा विश्व विजेता ओलिविया डोमिनिक पैरिश को मात देकर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में उलटफेर भरी जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। भारत की 19 वर्षीय पहलवान ने तीन प्रयासों को नाकाम कर के पहले पीरियड में आगे कोई अंक नहीं गंवाया।

पंघाल ने इसके बाद भी अपना मजबूत रक्षण बरकरार रखा और पैरिश को किसी तरह से हमला नहीं करने दिया। भारतीय पहलवान ने इसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी का बायां पांव पकड़ कर उन्हें नीचे गिराया और दो अंक हासिल करके मैच को बराबरी पर ला दिया।

पैरिश ने निष्क्रिय बने रहने के लिए एक अंक गंवाया। पंघाल ने अपनी इस मामूली बढ़त हो आखिर तक बरकरार रखा और जीत दर्ज की। 53 किग्रा कैटेगरी में पंघाल पहले दौर के इस मैच में एक समय 0-2 से पीछे चल रही थी, उन्होंने इसके बाद जबरदस्त वापसी करके 3-2 से जीत हासिल की।

अमेरिकी पहलवान शुरू में ही हावी हो गई थी। उन्होंने पंघाल के दाएं पांव को पकड़कर भारतीय पहलवान को नीचे गिराकर दो अंक हासिल किए। अंतिम पंघाल वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। दूसरे राउंड में अंतिम ने पोलैंड की रोक्साना जासिना को 10-0 से हराया।

क्वार्टर फाइनल में रूस की नटालिया माल्यशेवा पर उन्होंने 9-6 की जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में उनकी टक्कर टोक्यो ओलंपिक की ब्रॉज मेडलिस्ट वेनेसा कलाडज़िंस्काया से होगी। अंतिम मेडल के साथ ही ओलंपिक कोटा हासिल करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। भारत की पांच महिला पहलवान और 10 पुरुष फ्री स्टाइल पहलवान पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए है।