एशियाई खेल : आखिरी क्षणों में सुनील छेत्री के गोल से जीता भारत
चीन के खिलाफ शुरुआती गेम में हार के बाद भारत की फुटबॉल टीम ने एशियाई खेल में कप्तान सुनील छेत्री के 85वें मिनट में पेनल्टी पर किए गए गोल से बांग्लादेश पर 1-0 से रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत ने भारत ग्रुप ए में दो मैचों में तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
टीम ने अगले राउंड में क्वालिफिकेशन की उम्मीदें कायम रखीं। दरअसल शीर्ष दो टीमों के साथ-साथ छह सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में से चार टीमें 16वें राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी।

भारत ने खेल की तेज शुरुआत की, पहले हाफ में भारत की कड़ी मेहनत रंग नहीं लाई। टीम ने तीन अच्छे शॉट लिए, जिसमें छेत्री और राहुल केपी के प्रयास शामिल थे, सफल नहीं हुए। हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 रहा।
दूसरे हाफ में टीम ने आक्रमक खेल दिखाया। बांग्लादेश ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। मैच शुरु होने के 84 मिनट बीत जाने के बाद भी दोनों टीमों की ओर से एक भी गोल नहीं किया गया था।
ऐसा लगा कि मैच का अंजाम ड्रॉ की ओर जा रहा था, 85वें मिनट के खेल में सुनील छेत्री ने गोल दागकर मुकाबले को भारत की झोली में डाल दिया।