एशियाई खेल : भारत के ध्वजवाहक होंगे हरमनप्रीत और लवलीना
शनिवार को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में एशियन गेम्स के उद्घाटन समारोह के दौरान भारतीय दल की अगुवाई पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और शीर्ष मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन करेंगे।
हरमनप्रीत ने खुशी जताते हुए बोला कि मैं भावविभोर हूं। भारत का ध्वजवाहक होना गर्व की अनुभूति कराता है। मैं लवलीना को भी इस मौके के लिये बधाई देना चाहता हूं।
मैं जिस जुनून और प्रतिबद्धता के साथ खेलता आया हूं, उसी के साथ टीम की अगुवाई करूंगा। इन खेलों में हमारे देश की एकता और विविधता की भी बानगी मिलेगी और मैं पूरे गर्व के साथ अपना ध्वज थामूंगा।

19वां एशियाई खेल आधिकारिक तौर पर हांगझोऊ ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होगा। विश्व हॉकी के सबसे घातक ड्रैग-फ्लिकर में से एक हरमनप्रीत टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे।
छह गोल के साथ, हरमनप्रीत सिंह टोक्यो 2020 में भारत के शीर्ष स्कोरर थे। उन्होंने पिछले वर्ष बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को रजत पदक भी दिलाया था।
लवलीना बोरगोहेन मौजूदा विश्व चैंपियन, एशियाई चैंपियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता है। लवलीना बोरगोहेन के अलावा मैरी कॉम एकमात्र अन्य भारतीय मुक्केबाज है जिन्होंने ओलंपिक पदक और विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।
ओलंपिक और विश्व चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा भी एशियाई खेल के लिए भारतीय टीम में है, 2018 जकार्ता उद्घाटन समारोह के दौरान एशियाई खेल में पहले ही भारत के ध्वजवाहक रह चुके है।
हांगझोऊ में एशियन गेम्स में 655 सदस्यीय मज़बूत भारतीय दल 40 से अधिक खेल में हिस्सा लेगा। यह महाद्वीपीय इवेंट में भारत का सबसे बड़ा दल है।
हांगझोऊ में और उसके आसपास कुल 56 स्थानों पर खेलों को आयोजित किया जाएगा, जिसमें 481 स्वर्ण पदक दांव पर होंगे। एशियन गेम्स का समापन समारोह 8 अक्टूबर को होगा।