आईएसएल सीजन 10 : केरला ब्लास्टर्स की शानदार जीत से शुरुआत
इंडियन सुपर लीग 2023-24 में केरला ब्लास्टर्स एफसी ने बेंगलुरु एफसी को 2-1 से मात देकर धमाकेदार शुरुआत की. दोनों टीमों के बीच यह 15वां मैच खेला गया, जिसमें केरला ब्लास्टर्स एफसी की यह चौथी जीत है और बेंगलुरु एफसी ने 8 मैच जीते है. तीन मैच ड्रा पर खत्म हुए.
इस जीत से ब्लास्टर्स ने पिछले दो मैचों में ब्लूज के हाथों हार का सिलसिला तोड़ दिया है. पिछले दोनों मैच बेंगलुरु ने 1-0 के अंतर से जीते थे.
गुरुवार रात को बारिश के बीच कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए उद्घाटन मैच में मेजबान केरला ब्लास्टर्स की जीत में बेंगलुरु एफसी के डच मिडफील्डर केजिआह वेनडॉर्प ने 52वें मिनट में आत्मघाती गोल और कप्तान एंड्रियन लुना ने 69वें मिनट में गोल किया.

कप्तान एंड्रियन लुना को इस गोल और मिडफील्ड में दमदार खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया. अपने मुख्य कोच इवान वुकोमानोविक, जो चार मैचों का प्रतिबंध झेल रहे है, की गैरमौजूदगी में ब्लास्टर्स ने आईएसएल 10 सीजन की पहली जीत दर्ज करते हुए सकारात्मक संकेत दिए.
बेल्जियाई सहायक कोच फ्रैंक डाउवेन की देखरेख में उतरे ब्लास्टर्स ने सकारात्मक शुरुआत से पूरे तीन अंक अर्जित किए. बेंगलुरु एफसी के मुख्य कोच साइमन ग्रेसन अपनी टीम की गलतियों के कारण मिली इस हार से नाखुश थे.
52वें मिनट में मैच का पहला गोल तब आया, जब बेंगलुरु एफसी के डच मिडफील्डर केजिआह वेनडॉर्प की आत्मघाती गलती के चलते केरला ब्लास्टर्स को 1-0 की बढ़त मिल गई.
बाएं छोर से कॉर्नर किक को मिडफील्डर जीक्सन सिंह ने हेडर से टच देने की कोशिश की और वेनडॉर्प गेंद को अपने गोलपोस्ट की तरफ हेडर कर बैठे और गेंद टिप्पा खाकर गोललाइन के पार चली गई.
69वें मिनट में कप्तान एंड्रियन ने चतुराई से गोल करके केरला ब्लास्टर्स की बढ़त को 2-0 कर दिया. उरुग्वे के मिडफील्डर ने बेंगलुरु एफसी के अनुभवी गोलकीपर गुरप्रीत संधू की लापरवाही का फायदा उठाकर यह गोल किया.
बॉक्स के अंदर मिले बैक पास को फर्स्ट टाइम क्लीयर करने की बजाय संधू गेंद को लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे, लुना उनकी बेपरवाही को ताड़ते हुए तुरंत गेंद पर झपटे और बाएं पैर से शॉट लगाकर गोल कर डाला.
90वें मिनट में बेंगलुरु एफसी के इंग्लिश स्ट्राइकर कर्टिस मेन ने गोल करके अंतर कम करते हुए स्कोर 1-2 कर दिया. बॉक्स के अंदर स्थानापन्न खिलाड़ी मोला का प्रयास ब्लास्टर्स के डिफेंडर से लगने के बाद कर्टिस के पास पहुंची और उन्होंने बाएं पैर से पहले टच से गोलकीपर सचिन को छका दिया और गेंद गोललाइन पार कर गई.