Trending

एशियाई खेल : भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम का सफर जीत के साथ शुरू

भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने यमन पर 3-0 से आसान जीत हासिल करके एशियाई खेल में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

भारतीय पुरुष टीम ग्रुप एफ के अपने अगले मैच में सिंगापुर का सामना करेगी। महिला टीम भी अपने अभियान की शुरुआत सिंगापुर के खिलाफ करेगी।

अनुभवी शरथ कमल, जी साथियान और हरमीत देसाई को सीधे गेम में जीत हासिल करने के लिए किसी तरह की मशक्कत नहीं करनी पड़ी।

साथियान ने अली उमर अहमद को 14 मिनट में 11-3, 11-2, 11-6 से मात देकर शानदार शुरुआत की। एशियाई खेल में अंतिम बार खेल रहे 41 वर्षीय शरथ ने इसके बाद इब्राहिम अब्दुलहकीम मोहम्मद गुब्रान को 11-3, 11-4, 11-6 से मात देकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।

देश के शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी हरमीत ने मगद अहमद अली अल्धुभानी को 11-1, 11-1, 11-7 से मात देकर मैच भारत के नाम किया।