एशियाई खेल : भारतीय पुरुष वालीबॉल टीम अंतिम आठ में
एशियाई खेल में भारतीय पुरुष वालीबॉल टीम ने शानदार लय जारी रखते हुए चीनी ताइपे पर 3-0 की जीत से क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।
भारत का रविवार को जापान या कजाखस्तान के सामने होगा। दक्षिण कोरिया पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारत ने चीनी ताइपे पर एक घंटे 25 मिनट में 25-22, 25-22, 25-21 से जीत हासिल की और पहले से छठे स्थान के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया।
भारतीय टीम पहले पिछड़ रही थी, एरिन वर्गीज ने 11-13 से अंतर कम कराया जिसके बाद 21-21 की बराबरी हासिल की। वर्गीज और अश्वल राय ने अंतिम दो अंक जीतकर भारत को बढ़त दिलायी।

दूसरे सेट में एक समय स्कोर 17-17 से बराबर था, भारतीय टीम ने अंतिम क्षण में लगातार अंक जुटाकर 25-22 से इसे भी अपने नाम किया।
निर्णायक सेट में भारतीय टीम एक समय 10-4 से आगे थी, लेकिन बढ़त गंवाकर 14-14 की बराबरी पर आ गयी। पर उन्होंने 21-18 की बढ़त बनाकर 25-21 से इसे जीत लिया।