एशियाई खेल का उद्धाटन आज, दिखेगा आधुनिक तकनीक का नजारा
चीन के हांगझोऊ में 19वें एशियाई खेल का आधिकारिक उद्घाटन शनिवार को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस हांगझोऊ ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में होगा।
एशियाई खेल के उद्घाटन समारोह में चीन की समृद्ध विरासत को दर्शाया जाएगा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इको-फ्रेंडली टेक्नोलॉजी के साथ देश के आधुनिक दृष्टिकोण को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। 80 हजार दर्शक क्षमता वाले बिग लोटस के नाम से विख्यात इस स्टेडियम को मुख्य रूप से वर्ष 2018 में एक फुटबॉल स्टेडियम के रूप में बनाया गया था।
एशियाई खेल उद्घाटन समारोह भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगा और भारत में इसकी लाइव स्ट्रीमिंग और सीधा प्रसारण उपलब्ध होगा।
यह एशियाई खेल का पहला संस्करण होगा जहां डिजिटल मशाल-प्रज्ज्वलन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों मशाल-वाहक क़ियानतांग नदी पर डिजिटल लौ को डिजिटल मानव आकृति में बदलेंगे।

3डी एनिमेशन हांगझोऊ ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाज़ी देखने को मिलेगी जिससे किसी तरह का प्रदूषण नहीं होगा।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 19वें एशियाई खेल के उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे। उनके साथ कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी, सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद, हांगकांग चीन के लीडर जॉन ली का-चिउ और रिपब्लिक ऑफ कोरिया के प्रधानमंत्री हान डक-सू समारोह में मौजूद होंगे।
हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह और विश्व विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे। बताते चले कि टोक्यो 2020 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा वर्ष 2018 में आयोजित जकार्ता एशियाई खेलों में ध्वजवाहक थे।
महाद्वीपीय टूर्नामेंट में कुल 655 भारतीय एथलीट 39 खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। यह एशियाई खेल में भारत का अभी तक का सबसे बड़ा दल है।