एशियाई खेल : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्वर्ण पदक के लिए श्रीलंका से होगी टक्कर
एशियाई खेल के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जगह बना ली है। उसने सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ आठ विकेट से जीत दर्ज की। भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल सोमवार को होगा। मैच की शुरुआत सुबह 11:30 बजे होगी। फाइनल में टीम का मैच श्रीलंका से होगा।
श्रीलंकाई टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में जीत दर्ज की। उसने पाक को छह विकेट से हराया। इसके साथ ही स्वर्ण पदक के मैच में भारत-पाकिस्तान के बीच टक्कर की उम्मीदें खत्म हो गईं।

श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पाक की महिला टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 75 रन ही बना सकी।
शावल जुल्फिकार ने सबसे अधिक 16 रन बनाए। मुनीबा अली ने 13 और अमैमा सोहैल ने 10 रन बनाए। श्रीलंका के लिए उदेशिका प्रबोधनी ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए।
श्रीलंका ने 16.3 ओवर में चार विकेट पर 77 रन बनाकर मैच को जीता। हर्षिता समरविक्रमा ने 23, नीलाक्षी डी सिल्वा ने नाबाद 18, अनुष्का संजीवनी ने 15 और चमारी अट्टापट्टू ने 14 रन बनाए।
भारत की बात करें तो उसने बांग्लादेश को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 17.5 ओवर में 51 रन बनाए थे। केवल कप्तान निगर सुल्ताना ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाईं थी। उन्होंने 12 रन बनाए थे। भारत के लिए सबसे अधिक चार विकेट पूजा वस्त्राकर ने लिए थे।
भारत ने 8.2 ओवर में दो विकेट खोकर 52 रन बनाए और लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए जेमिमा रोड्रिग्स ने सबसे अधिक 15 गेंद में नाबाद 20 रन बनाए। शेफाली ने 17 रन का योगदान दिया।