Trending

एशियाई खेल : निशानेबाजी स्पर्धा में भारत ने दो स्वर्ण सहित सात पदक जीते

19वें एशियाई खेल के चौथे दिन भारत ने निशानेबाजी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य समेत सात पदक जीते। मनु भाकर, ईशा सिंह और रिद्म सांगवान की तिकड़ी को महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में पहला स्वर्ण पदक मिला।

50 मीटर राइफल 3 पोजीशन महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत की सिफ्ट कौर सामरा ने दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। सिफ्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 469.6 अंक का स्कोर करते हुए व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता, जो नया विश्व रिकॉर्ड है।

सिफ्ट कौर सामरा ने नीलिंग में 154.6, प्रोन में 157.9 और स्टैंडिंग एलिमिनेशन में 157.1 का स्कोर बना कर महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3पी में क्यूनग्यू झांग चीन को 7.3 अंकों के आसान अंतर से हराया।

साभार : गूगल

भारत की कांस्य पदक विजेता आशी चौकसे रजत पदक जीतने की रेस में थीं, उनके आखिरी शॉट में 8.9 से नीचे के स्कोर की वजह से क्यूनग्यू झांग ने रजत पदक जीता और उन्हे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

क्वालीफाइंग राउंड में, सिफ्ट कौर सामरा ने 594 (28x) के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, आशी चौकसे 590 (24x) के साथ छठे स्थान पर रहीं और मानिनी कौशिक 580 (28x) के साथ 18वें स्थान पर रहीं।

भारत की तिकड़ी ने क्वालीफाइंग राउंड में अपने क्युमुलेटिव स्कोर 1764 के दम पर टीम रजत पदक जीता। चीन (1773) और कोरिया गणराज्य (1756) ने क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक जीता।

मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की भारतीय महिला 25 मीटर पिस्टल टीम ने 1759 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन (1756) और दक्षिण कोरिया (1742) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता।

मनु भाकर क्वालीफाइंग राउंड में 590 (28x) के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान पर रहीं, ईशा सिंह ने 586 (17x) के स्कोर के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

रिदम सांगवान 583 (23x) के साथ सातवें स्थान पर रहीं। व्यक्तिगत स्पर्धा में एक देश से सिर्फ दो ही निशानेबाज अंतिम आठ में पहुंच सकते है इसलिए रिदम सांगवान जगह बनाने से चूक गईं।

ईशा सिंह ने अपनी शुरुआती सीरीज में केवल 2/5 स्कोर करने के बावजूद फाइनल में रजत पदक जीता। ईशा सिंह ने कुल 34/50 का स्कोर बनाया।

चीन की रुई लियू ने एशियाई खेल के रिकॉर्ड 38/50 स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, दक्षिण कोरिया के जिन यांग ने 29/45 के साथ कांस्य पदक जीता।

मनु भाकर शानदार शुरुआत करने के बावजूद 21/35 के कुल स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। वह सातवीं सीरीज के अंत में बाहर हो गईं।

पुरुषों की स्कीट में, अनंतजीत सिंह नरूका ने 58/60 का प्रभावशाली स्कोर हासिल करते हुए रजत पदक जीता। दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता कुवैत के अब्दुल्ला अब्दुल्ला अल-रशीदी ने भारतीय निशानेबाज को हराने के लिए 60/60 के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। कतर के नासिर अल-अत्तिया को 46/50 के स्कोर के साथ कांस्य पदक मिला।

पुरुष टीम स्पर्धा में, अनंतजीत सिंह नरूका, गुरजोत सिंह खंगुरा और अंगद वीर सिंह बाजवा ने मिलकर 355 के स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया। चीन ने 362 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता और कतर ने 359 अंकों के साथ रजत पदक जीता।

अनंतजीत सिंह नरुका पांच राउंड में 121 के स्कोर के साथ क्वालीफाइंग में चौथे स्थान पर रहने के बाद छह सदस्यीय व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय थे। गुरजोत सिंह खंगुरा और अंगद वीर सिंह बाजवा ने 16वें और 17वें स्थान के लिए 117-117 अंक हासिल किए।

पीएम मोदी ने एशियाई खेल में 25 मीटर पिस्टल महिला टीम को स्वर्ण और 50 मीटर राइफल महिला टीम को रजत पदक जीतने पर बधाई दी है।

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा, “ भारत के लिए एक अनुकरणीय स्वर्ण। 25 मीटर पिस्टल महिला टीम को बधाई, जिसमें मनु भास्कर, रिद्म सांगवान और ईशा सिंह शामिल है, उनकी शानदार जीत के लिए! उनके उल्लेखनीय टीमवर्क से अच्छे परिणाम मिले है।

उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ। उन्होंने 50 मीटर राइफल महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली प्लेयर्स को भी बधाई दी। उन्होंने बोला कि महिला प्लेयर्स ने असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।