एशियाई खेल राउंडअप : भारतीय महिला स्क्वैश टीम का सेमीफाइनल में इंट्री से पदक पक्का
भारतीय महिला स्क्वैश टीम अपने अंतिम पूल बी मैच में मलेशिया से हार के बावजूद 19वें एशियाई खेल के सेमीफाइनल में पहुंच गई है, जिससे देश के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया है।
महिला टीम स्क्वैश पूल बी में यह भारत की पहली हार थी, मलेशिया ने अपने सभी पांच ग्रुप मैच जीते। सेमीफाइनल से पहले मलेशिया के खिलाफ 0-3 की हार भारत के लिए एक बड़ा झटका है, जोशना चिनप्पा, अनाहत सिंह, दीपिका पल्लीकल और तन्वी खन्ना जैसे प्रतिभाशाली प्लेयर्स ने कोर्ट पर अपना दबदबा दिखाया और स्वर्ण पदक की उम्मीदें जगाईं।
अनुभवी जोशना चिनप्पा, तन्वी खन्ना और किशोरी अनाहत सिंह गुरुवार को मलेशिया के खिलाफ महिला टीम मैच में अपने मैच हार गईं। पहला मैच खेल रहे चिनप्पा को शिवसांगारी सुब्रमण्यम के खिलाफ 21 मिनट तक चले मैच में 11-6, 11-2, 11-8 से हार का सामना करना पड़ा।

दूसरे गेम में, तन्वी खन्ना को अज़मान आइफ़ा बिंटी ने 3-2 से हराकर मलेशिया को मैच में 2-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे गेम में अनाहत के आक्रामक खेल के बावजूद मलेशियाई खिलाड़ी राचेल अर्नोल्ड ने मैच 7-11, 7-11, 12-14 से जीतकर मलेशिया को 3-0 से जीत दिलाई।
अदिति अशोक दूसरे स्थान पर, गोल्फ में पदक की उम्मीदें कायम
भारत की अदिति अशोक को शुरुआत में अपने पटर के साथ संघर्ष करना पड़ा, वह एशियाई खेल में महिला व्यक्तिगत गोल्फ टूर्नामेंट में वापसी करने और पहले दौर में संयुक्त दूसरे (टी2) स्थान पर रहने में सफल रहीं।
अदिति अशोक ने एशियन गेम्स में महिलाओं की व्यक्तिगत गोल्फ टूर्नामेंट की शुरुआती दौर में जापान की एस बाबा से दो स्ट्रोक पीछे रहते हुए पांच अंडर 67 का स्कोर बनाया।
भारत के सर्वोच्च रैंकिंग वाले गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी (विश्व नंबर 148) जो एक समय पर अच्छा खेल रहे थे और संयुक्त तीसरे स्थान पर थे, 18वें होल पर डबल बोगी की वजह से संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर फिसल गए।
चार बार की लेडीज़ यूरोपियन टूर (एलईटी) चैंपियन अदिति 2020 टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथे स्थान पर रहीं थी।
अदिति ने अपने दमदार खेल से भारतीय फैन्स और पूरे गोल्फ जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था जब उन्होंने विश्व नंबर 1 के साथ बढ़त साझा की लेकिन अंत समय में वह पिछड़ गई और चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
अदिति ने वेस्ट लेक इंटरनेशनल कोर्स में पहले तीन होल में दो बर्डी लगाईं और आठवें होल में एक और बर्डी लगाकर फ्रंट नौ को 33 पर समाप्त किया। अदिति ने बैक-टू-बैक बर्डीज़ के साथ उच्च स्तर पर समाप्त करने के साथ ही चार अन्य प्लेयर्स के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं।
अदिति के अलावा यिन आर, लिन एक्स और लियू वाई की चीनी तिकड़ी और थाईलैंड की यूबोल ए भी दूसरे स्थान पर है। अन्य भारतीय प्रणवी शरथ उर्स (एक अंडर 71) और अवनि प्रशांत (पार 72) क्रमशः संयुक्त 17वें और संयुक्त 21वें स्थान पर है।
महिला टीम टूर्नामेंट में, चीन और जापान ने 10-अंडर 134 के साथ बढ़त साझा की, थाईलैंड तीसरे स्थान पर है। दक्षिण कोरिया एक स्ट्रोक पीछे चौथे स्थान पर है, भारत पांचवें स्थान पर है।
अनिर्बान लाहिड़ी, शुभंकर शर्मा, एसएसपी चौरसिया और खलिन जोशी की पुरुष टीम पहले दिन 16-अंडर 200 के कुल स्कोर के साथ हांगकांग के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर रही, जो शीर्ष पर चल रहे दक्षिण कोरिया से सात शॉट पीछे है।
सिंगापुर और जापान 21-अंडर 195 के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, थाईलैंड ने शुरुआती दिन 19-अंडर 197 के साथ चौथे स्थान पर समाप्त किया।
दो बार के ओलंपियन अनिर्बान लाहिड़ी ने तीसरे से पांचवें होल तक बर्डी हैट्रिक बनाई और फिर आठवें होल में एक और हैट्रिक जोड़कर फ्रंट नौ में स्कोर 32 कर दिया। लाहिड़ी ने होल्स 13 से 17 तक लगातार पांच बर्डी लगाई हालांकि एक डबल बोगी ने उन्हें स्कोरबोर्ड में पीछे धकेल दिया।
पदक की दौड़ से साइकिलिस्ट डेविड बाहर, महिलाओं के पास अवसर
भारतीय साइकिलिस्ट डेविड बैकहम की एशियाई खेल में पदक जीतने की उम्मीदें पुरूषों की स्प्रिंट रेस के क्वार्टर फाइनल में हारने के साथ ही खत्म हो गई।
डेविड को जापान के केया ओता ने हराया। वह पहली रेस में जापानी प्रतिद्वंद्वी से 2 . 395 और दूसरी में 0. 046 सेकंड पीछे रहे। अब वह पांचवें से आठवें स्थान के लिये उतरेंगे। भारत के नीरज कुमार सातवें स्थान पर रहे।
महिला स्प्रिंट में त्रियाशा पॉल जापान की मीना सातो से 0 . 722 सेकंड पीछे रही। वह अब रेपेशॉज में दक्षिण कोरिया की यिओंसियो हवांग से खेलेगी।
क्वालीफाइंग दौर में त्रियाशा 15वें स्थान पर रही लेकिन मयूरी धनराज लुटे 17वें स्थान पर रहकर कट में प्रवेश नहीं कर सकी। भारत ने साइकिलिंग में एकमात्र पदक 1951 में पहले एशियाई खेल में जीता था।
जैस्मिन 60 किग्रा महिला मुक्केबाजी के क्वार्टर फाइनल में
राष्ट्रमंडल खेल की कांस्य पदक विजेता जैस्मिन लंबोरिया ने एशियाई खेल की मुक्केबाजी टूर्नामेंट के महिला 60 किग्रा वर्ग में सऊदी अरब की हदील गजवान अशोर को हराया।
अपने पहले एशियाई खेल में भाग ले रही जैस्मिन ने पांच मिनट से भी कम समय में हदील को आरएसी (रैफरी ने मुकाबला रोका) से हराया। पहले दौर में जैस्मिन को बाई मिली थी और हदील के खिलाफ मैच में उन्होंने अपने दमदार मुक्कों से पूरी तरह दबदबा बनाया।
रैफरी ने सऊदी अरब की मुक्केबाज को दो ‘स्टैंडिंग काउंट’ दिए और फिर दूसरे दौर के मैच को रोक दिया। जैस्मिन ओलंपिक कोटा और इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में पदक जीतने से सिर्फ एक जीत दूर है। क्वार्टर फाइनल में जैस्मिन को उत्तर कोरिया की वो उनग्योंग से भिड़ना है।
महिलाओं के 50 किग्रा, 54 किग्रा, 57 किग्रा और 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल जबकि 66 किग्रा और 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाने वाली मुक्केबाज पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी।