Trending

एशियाई खेल : राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ भारत की रिले टीमें फाइनल में पहुंची

भारत की पुरुष चार गुणा 100 मीटर और महिला चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीमों ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए एशियाई खेल के फाइनल में जगह बना ली।

श्रीहरि नटराज, तनीष जॉर्ज मैथ्यू, अनिल कुमार और विशाल ग्रेवाल ने हीट में तीन मिनट 21.22 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहते हुए चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई।

इस तिकड़ी ने नटराज, साजन प्रकाश, वीरधवल खाड़े और अनिल कुमार के 2019 में बनाए तीन मिनट 23.72 सेकेंड के ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ में सुधार किया।

Sports Authority of India (@media.iccsai)

धिनिधी देसिंघू, शिवांगी शर्मा, वृत्ति अग्रवाल और हशिका रामचंद्र ने इसके बाद आठ मिनट 39.64 सेकेंड के समय के साथ महिला चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ बनाया।

भारतीय टीम ने 10 टीम की हीट में आठवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बना ली। भारतीय चौकड़ी ने हशिका, धिनिधी, विहिता नयना और शिरिन के इस वर्ष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाए आठ मिनट 40.89 सेकेंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

तैराकी में राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप में बनाए रिकॉर्ड को ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड माना जाता है। अन्य टूर्नामेंटों के समय को ‘सर्वश्रेष्ठ भारतीय समय’ कहा जाता है।

पूर्व कांस्य पदक विजेता खाड़े और शिवांगी व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने में विफल रहे। खाड़े पुरुष 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 24.67 सेकेंड के साथ 19वें स्थान पर रहे। शिवांगी महिला 50 मीटर फ्रीस्टाइल में 26.92 सेकेंड के समय के साथ 18वें स्थान पर रही।