वर्ल्ड कप : चोटिल अक्षर पटेल बाहर, टीम इंडिया में अश्विन को मिली जगह
भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल वर्ल्ड कप से बाहर हो गए है। अक्षर पटेल को एशिया कप 2023 के दौरान चोट लगी थी, जिससे वे अब तक उबर नहीं पाए है।
ऐसे में बीसीसीआई को उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान करना पड़ा है। आईसीसी ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि अक्षर पटेल विश्व कप नहीं खेलेंगे। उनकी जगह टीम का हिस्सा ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन होंगे।
आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी है कि भारत को आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम में देर से बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

बांग्लादेश के खिलाफ भारत के एशिया कप सुपर फोर मैच के दौरान बाएं क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव के बाद अक्षर पटेल विश्व कप के लिए समय पर ठीक होने में विफल रहे है और इसके परिणामस्वरूप स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर वर्ल्ड कप से बाहर हो गए है, जो एशिया कप के फाइनल में भी नहीं खेल पाए थे।
अक्षर पटेल की जगह अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को टीम में शामिल किया गया है, जो टीम इंडिया के अभ्यास मैच के लिए गुवाहटी पहुंच गए है।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज से वनडे टीम में वापसी करते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उन्होंने दो मैचों में चार विकेट लिए थे।
अक्षर को भी उनकी फिटनेस के आधार पर अंतिम वनडे के लिए सशर्त रूप से टीम में चुना गया था, लेकिन वे फिट नहीं हो सके।
भारतीय टीम (वनडे वर्ल्ड कप) : रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव