एशियाई खेल : निशानेबाजी में भारत ने जीता पांचवां स्वर्ण, महिला टीम को रजत
भारतीय निशानेबाजों ने एशियाई खेल में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम ने विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, युवा निशानेबाजी ईशा सिंह की अगुवाई में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने रजत पदक जीता।
पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (591), स्वप्निल कुसाले (591) और अखिल श्योराण (587) थे जिन्होंने चीनी चुनौती से पार पाते हुए 1769 स्कोर किया। चीन 1763 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा, दक्षिण कोरिया को कांस्य पदक मिला।
ऐश्वर्य और स्वप्निल ने क्वालीफिकेशन में पहले और दूसरे स्थान पर रहकर व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में एंट्री ले ली है। भारत ने अभी तक निशानेबाजी में पांच स्वर्ण समेत 15 पदक जीत लिये है।

महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम वर्ग में 18 वर्ष की ईशा ( 579), पलक (577) और दिव्या टीएस (575) का कुल स्कोर 1731 रहा। चीन ने 1736 अंक लेकर स्वर्ण पदक जीता जो एशियाई खेल का रिकॉर्ड भी है। चीनी ताइपै को कांस्य पदक मिला।
ईशा और पलक क्रमश: पांचवें और आठवें स्थान पर रहकर व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। दिव्या दसवें स्थान पर रहकर आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह नहीं बना सकी।
ईशा ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत भी जीता है। ईशा, मनु भाकर और रिदम सांगवान ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।