एशियाई खेल : भारतीय महिला हॉकी टीम का जीत का सफर जारी, अब दक्षिण कोरिया से टक्कर
एशियाई खेल में भारत महिला हॉकी टीम का विजयी सफर जारी है। पूल-ए के अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया ने मलेशिया को 6-0 से हराया। इस जीत के साथ सविता पूनिया की अगुवाई वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचने का अपना दावा मजबूत कर लिया है।
भारत ने दो गोल पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से अर्जित किए, चार फील्ड गोल्स किए। भारत के लिए इस मैच में वैष्णवी, निशा, दीप ग्रेस इक्का, मोनिका, संगीता और लालरेमसियामी ने गोल दागे। भारत ने अपने शानदार फॉर्म को दूसरे मैच में भी जारी रखा।

टीम इंडिया ने पूल-ए के अपने पहले मैच में सिंगापुर को 13-0 से हराया था। टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मलेशिया ने अपने पहले पूल मैच में हॉन्गकॉन्ग को 8-0 से हराया था।
भारत के ग्रुप में सिंगापुर और मलेशिया के अलावा हॉन्गकॉन्ग और दक्षिण कोरिया है। भारतीय महिला हॉकी टीम का अगला मैच दक्षिण कोरिया के साथ है।
मैच के सातवें मिनट में भारतीय टीम ने मलेशिया पर काउंटर अटैक कर पहला गोल किया। उदिता के पास पर मोनिका ने फ्लिक से स्कोर किया।
आठवें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर दीप ग्रेस इक्का ने शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल किया। 11वें मिनट में नवनीत कौर ने फील्ड गोल किया।
14वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। वैष्णवी विट्ठल के बॉल इंजेक्ट करने पर नेहा ने शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल किया। पहले क्वार्टर में टीम इंडिया ने मलेशिया पर 4-0 की बढ़त बनाई थी।
दूसरे क्वार्टर में 24वें मिनट में नेहा के पास संगीता ने शानदार गोल किया। भारतीय टीम ने कुछ पेनल्टी कॉर्नर तो अर्जित किए, गोल करने में नाकाम रही।
हाफ-टाइम तक भारत ने मलेशिया पर 5-0 की बढ़त बनाई हुई थी। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। तीसरे क्वार्टर में मलेशिया का डिफेंस जरूर मजबूत हुआ है। भारत के सभी काउंटर अटैक्स को मलयेशियाई टीम रोकने में कामयाब रही।
चौथे क्वार्टर में भारत के लिए लालरेमसियामी ने फील्ड गोल किया और उन्होंने भारत की बढ़त 6-0 की कर दी। इसी बढ़त के साथ टीम इंडिया ने जीत दर्ज की। भारतीय कोच यानेक शॉपमैन की देखरेख में भारतीय महिला हॉकी टीम शानदार दिखाई पड़ रही है।
जब आमने-सामने के मुकाबलों की बात आती है, तो भारत का मलेशिया के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है। दोनों देशों के बीच खेले गए 18 मैचों में से भारत 17 में विजयी रहा, केवल एक मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
मलेशिया अपने तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक भारतीय टीम के खिलाफ जीत का स्वाद नहीं चख सका है। इस मैच से पहले पिछली बार इन दोनों टीमों का आमना-सामना महिला एशिया कप 2022 में हुआ था, जहां भारत ने 9-0 से बड़ी जीत दर्ज की थी।