एशियाई खेल : सरबजीत सिंह व दिव्या थडिगोल ने जीता रजत पदक
भारत के सरबजोत सिंह और दिव्या थडिगोल को एशियन गेम्स के 7वें दिन 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम इवेंट के फाइनल में चीनी की जोड़ी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
यह जोड़ी स्वर्ण पदक से चूक गई और अंत में रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। चीन के झांग बोवेन और जियांग रेंशिन की जोड़ी ने फाइनल 16-14 से जीता।
सरबजोत सिंह और दिव्या थडिगोल की जोड़ी स्वर्ण पदक मैच की शुरुआत में तो चीनी जोड़ी से आगे थी, अंत आते-आते चीनी निशानेबाजों ने भारत को पछाड़ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

क्वालीफिकेशन में सरबजोत ने 291 स्कोर किया, दिव्या का स्कोर 286 रहा। दोनों का कुल स्कोर 577 रहा और वे क्वालीफिकेशन में चीन से एक अंक आगे रहे थे। स्वर्ण पदक मैच में चीनी जोड़ी ने बाजी मार ली।
भारत का एशियन गेम्स में शूटिंग में यह कुल 19वां पदक है। भारत अब तक निशानेबाजी में छह स्वर्ण, आठ रजत और 5 कांस्य जीत चुका है। ओवरऑल मेडल टैली की बात करें तो भारत के खाते में कुल 34 पदक हो गए है, जिसमें 8 स्वर्ण, 13 रजत और इतने ही कांस्य शामिल है।