एशियाई खेल : निकहत जरीन को कांस्य, परवीन हुड्डा ने पदक किया पक्का
दो बार की विश्व विजेता निकहत जरीन को एशियन गेम्स बॉक्सिंग में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। निकहत को सेमीफाइनल में थाईलैंड की चुथामात रक्सत के खिलाफ 3-2 से हार मिली।
पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में भारतीय मुक्केबाज ने महिलाओं की 50 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ अभियान समाप्त किया।
बता दें कि इस वर्ष के आगाज में विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जरीन और रक्सत का आमना-सामना हुआ था और तब भारतीय मुक्केबाज शीर्ष पर रहीं थी।

एशियन गेम्स में डेब्यू करते हुए निकहत जरीन ने शुरुआत से ही जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, निकहत को सेमीफाइनल में थाईलैंड की चुथामात रक्सत के खिलाफ स्प्लिट डिसीजन से हार मिली।
निकहत जरीन और थाईलैंड की मुक्केबाज के बीच काफी रोमांचक मैच देखने को मिला। दोनों मुक्केबाज शुरुआत से ही एक दूसरे पर हावी रहे।
निकहत ने अपने फुटवर्क का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुई अपने अटैक और डिफेंस पर खासा ध्यान दिया और बीच-बीच में उन्होंने कई पंच भी जड़े, अंत में भारतीय मुक्केबाज को इस मैच में हारी।
दिन के अन्य मैच में भारत की परवीन हुड्डा ने उज्बेकिस्तान की सितोरा टर्डिबेकोवा को सर्वसम्मत निर्णय (5-0) से हराकर महिलाओं के 57 किग्रा सेमीफाइनल में जगह बनाई।
23 वर्षीय भारतीय मुक्केबाज ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर पहले एशियाई खेल के पदक के साथ-साथ अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए भारत के लिए कोटा भी हासिल कर लिया है।
एशियन गेम्स में बॉक्सिंग, पेरिस ओलंपिक के लिए एक क्वालीफायर इवेंट भी है। पुरुषों की स्पर्धाओं में, सात भार वर्गों में से प्रत्येक में स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा जारी किया जाएगा।
महिलाओं की कैटेगरी में, 66 किग्रा और 75 किग्रा के अलावा सभी कैटेगरी के लिए चार कोटा है। 66 किग्रा और 75 किग्रा में पुरुषों की तरह दो बर्थ दी जाएंगी। परवीन हुड्डा सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की लिन यू टिंग से भिड़ेंगी, जो बुधवार को होगा।
जैस्मीन लेम्बोरिया भारत के लिए मेडल सुनिश्चित करने में असफल हुईं। उन्हें महिलाओं के 60 किग्रा क्वार्टर में डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया की अनगयोंग वोन के खिलाफ RSC (रेफरी स्टॉप काउंट) के तहत हार मिली।
वहीं रेफरी द्वारा मैच रोकने से पहले भारतीय मुक्केबाज को एक मिनट के अंतराल में तीन स्टैंडिंग काउंट का सामना करना पड़ा।