Trending

एशियाई खेल : स्वप्ना बर्मन का अपने ही देश की एथलीट पर सनसनीखेज आरोप, कितना सच्चा-कितना झूठा

जकार्ता एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट हेप्टाथलीट स्वप्ना बर्मन ने एक बड़ा आरोप एशियन गेम्स को लेकर लगाया है। उनका दावा है कि वह पोडियम फिनिश करतीं, लेकिन एक ट्रांसजेंडर वुमेन के कारण ऐसा नहीं कर पाईं और उनसे एक तरह से कांस्य पदक छीन लिया गया।

हेप्टाथलीट स्वप्ना का आरोप है कि इन खेलों में एक ट्रांसजेंडर वुमेन ने हिस्सा लिया और ये खेल के विरुद्ध है। हैरान करने वाली बात ये है कि उन्होंने अपने ही देश की एथलीट पर आरोप लगाया है।

दरअसल, एशियन गेम्स के हेप्टाथलीट इवेंट में स्वप्ना बर्मन ने 5,708 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। वह देश की ही अपनी साथी एथलीट नंदिनी अगासरा (5,712) से सिर्फ चार अंक पीछे रह गईं, जिन्होंने कांस्य पदक जीता।

इस स्पर्धा में चीन की झेंग निनालिया ने स्वर्ण पदक जीता था, उज्बेकिस्तान की एकातेरिना वोरोनिना ने रजत पदक जीता था। इवेंट के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर स्वप्ना ने बड़ा आरोप लगाया।

जलपाईगुड़ी में जन्मी एथलीट ने उस समय कई लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया, जब उन्होंने जनता से समर्थन देने की अपील करने से पहले दावा किया कि वह एक ‘ट्रांसजेंडर महिला” से कांस्य पदक हार गईं।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “मैंने चीन के हांगझोऊ में आयोजित 19वें एशियाई खेल में एक ट्रांसजेंडर वुमेन के कारण अपना एशियाई खेल का कांस्य पदक खो दिया है। मैं अपना पदक वापस चाहती हूं, क्योंकि यह हमारे एथलेटिक्स के नियमों के खिलाफ है। कृपया मेरी मदद करें और मेरा समर्थन करें।

Swapna Barman (@Swapna_Barman96)

हैशटैग ‘प्रोटेस्टफॉरफेयरप्ले’ के साथ की गई इस पोस्ट में इस स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली नंदिनी अगासरा का जिक्र नहीं है, लेकिन निश्चित तौर पर उनके बारे में ही स्वप्ना ने ये लिखा है, क्योंकि उन्होंने ही कांस्य पदक जता है।

स्वप्ना बर्मन हेप्टाथलॉन स्पर्धा के एक चरण में रजत पदक की स्थिति में थीं। उन्होंने 100 मीटर बाधा दौड़ में टूर्नामेंट की मजबूत शुरुआत की, लेकिन ऊंची कूद टूर्नामेंट के बाद पिछड़ गईं।