एशियाई खेल : भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ग्रुप ए में शीर्ष पर, थाईलैंड को 63-26 से किया पराजित
एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने ग्रुप ए के अपने दूसरे मैच में हांगझोऊ में थाईलैंड को शिकस्त देकर अपनी जीत का सिलसिला कायम रखा। 37 अंकों की जीत ने भारत को ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर आ गया है।
चीनी ताइपे की टीम ने भी अपने दोनों मैचों में जीत हासिल की है, उनका प्वाइंट अंतर +37 का है, भारत का प्वाइंट अंतर +74 है। भारत ने 63-26 की बड़ी जीत में थाईलैंड को चार बार ऑल आउट किया। थाईलैंड के खिलाड़ी अधिक प्रभावशाली नहीं रहे और पूरे मैच में सिर्फ एक सुपर टैकल करने में सफल रहे।
एशियन गेम्स कबड्डी में हांगझोऊ के जिआओशान गुआली स्पोर्ट्स सेंटर में कबड्डी मैट पर पवन सहरावत की टीम ने महाद्वीपीय टूर्नामेंट में अपना वर्चस्व बनाए रखा और पहले हाफ में थाईलैंड को 3 बार ऑल-आउट करते हुए 28 अंकों की बड़ी बढ़त हासिल की।

रेडर नवीन कुमार और अर्जुन देशवाल ने भारतीय कबड्डी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। भारतीय टीम ने मैच शुरू होने के बाद कुछ मिनट बीतते ही थाईलैंड को पहली बार ऑल-आउट करते हुए 12-2 की बढ़त हासिल कर ली।
थाईलैंड ने एक सुपर रेड करते हुए नवीन कुमार, सुनील और परवेश को मैट से बाहर कर दिया। हालांकि, जल्दी ही भारत ने अपने तीनों प्लेयर्स को रिवाइव कर लिया।
भारत की संतुलित टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन जारी रखा और थाईलैंड को मैच में दूसरी बार ऑल-आउट कर 27-9 की बढ़त बनाई। भारत की तरफ से कुछ बेहतरीन टैकल और अर्जुन देशवाल की एक शानदार रेड की बदौलत थाईलैंड एक बार फिर से ऑल-आउट हो गई।
असलम इनामदार और आकाश शिंदे की मदद से भारत ने अपनी बढ़त को 28-9 से 37-9 तक पहुंचाकर पहला हाफ ख़त्म किया। दूसरे हाफ में भी भारत ने अपना आक्रामक प्रदर्शन जारी रखा और थाईलैंड की कबड्डी टीम के पास इसका कोई जवाब नहीं था। भारत ने चौथी बार विरोधी टीम को ऑल-आउट करते हुए मैच पर पूरी तरह से अपना नियंत्रण बना लिया।
हालांकि, दूसरे हाफ में थाईलैंड ने कुछ अच्छे प्रयास किए। इस बीच, थाईलैंड की ओर से पीराडाच और थानोंगसाक ने मैच में पहला सुपर टैकल करते हुए असलम को आउट किया, जो डिफेंडरों के ऊपर से फ्रॉग जंप करने के प्रयास में असफल हो गए।
दूसरे हाफ में अपने कुछ अच्छे प्रयासों की बदौलत थाई टीम ने 17 अंक हासिल किए और अंततः 63-26 से हार गए। इससे पहले मंगलवार को भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 53-18 से जीत करते हुए एशियन गेम्स अभियान का बेहतरीन आग़ाज़ किया था।