एशियाई खेल बैडमिंटन: पीवी सिंधु और एचएस प्रणय अंतिम आठ में
एशियाई खेल में भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और एचएस प्रणय ने क्वार्टरफाइनल में एंट्री ले ली है। मौजूदा रजत पदक विजेता पीवी सिंधु ने महिला एकल के अंतिम 16 मैच में इंडोनेशिया की पुत्रि कुसुमा वर्दानी को 55 मिनट चले मैच में 21-16, 21-16 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
एचएस प्रणय ने भी कज़ाख शटलर दिमित्री पनारिन को सिर्फ 29 मिनट तक चले मैच में 21-12, 21-13 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया।

सिंधु जो इस सीज़न में बैडमिंटन रैंकिंग में 15वें स्थान पर खिसक गई है, ने दुनिया की 21वें नंबर की चीनी ताइपे शटलर सू वेन ची 32वें राउंड के मैच में 21-10, 21-15 से मात देकर अंतिम 16 में जगह बनाई थी। यह मैच 42 मिनट तक चला था।
दुनिया के सातवें नंबर के भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले पुरुष एकल खिलाड़ी एचएस प्रणय ने मंगोलिया के दुनिया के 311वें नंबर के खिलाड़ी बटदावा मुंखबत को केवल 25 मिनट तक चले मैच में 21-9, 21-12 से मात देकर अंतिम 16 में जगह बनाई थी।