Trending

एशियाई खेल : भारतीय पुरुष हॉकी टीम फाइनल में, कोरिया को 5-3 से हराया

एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सेमीफाइनल मैच में कोरिया को 5-3 से मात देकर फाइनल में जगह बना ली।भारत ने शुरूआती क्वार्टर में ही तीन गोल दागे। फिर कोरियाई अटैक का बखूबी मुकाबला किया और पलटवार का जवाब देते हुए बेहतरीन जीत दर्ज की।

भारत के लिए हार्दिक सिंह (पांचवां मिनट), मनदीप सिंह (11वां मिनट) और ललित उपाध्याय (15वां) ने पहले क्वार्टर में ही तीन गोल कर दिए थे। दूसरे क्वार्टर में कोरिया के माने जुंग ने 17वें और 20वें मिनट में दो गोल किया। इसके बाद भारतीय टीम की ओर से अमित रोहिदास ने 24वें मिनट में गोल दागा।

Hockey India (@hockeyindia)

कोरिया के लिए जुंग ने 47वें मिनट में गोल कर दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक ने 54वें मिनट में गोल करके भारत की जीत पर मुहर लगा दी।

पूल चरण में पांच मैचों में 58 गोल करने वाली भारत ने पहले मिनट से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में कोरियाई हाफ में ही सारा खेल हुआ और हरमनप्रीत सिंह की टीम ने उनके डिफेंस को छितर बितर कर दिया।

हार्दिक ने पांचवें मिनट में ही भारत को बढत दिलाई जब ललित का शुरूआती शॉट नाकाम रहने के बाद उसने रिबाउंड पर गोल किया। तीन मिनट बाद मनदीप सर्कल के भीतर खाली पड़े गोल में गेंद लेकर दौड़े लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया।

भारत के लिए दूसरा गोल मनदीप ने गुरजंत के पास पर 11वें मिनट में किया जो टूर्नामेंट में उनका दसवां गोल था। भारत को 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर हरमनप्रीत गोल नहीं कर सके।

ललित ने पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में हरमनप्रीत की रिवर्स हिट कोरियाई गोलकीपर द्वारा बचाये जाने के बाद रिबाउंड पर तीसरा गोल दागा। दूसरे क्वार्टर में कोरियाई टीम ने जवाबी हमले बोलकर दो गोल कर डाले।

दूसरे क्वार्टर के दूसरे ही मिनट में कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे जुंग ने वैरिएशन के जरिए गोल में बदला। तीन मिनट बाद उन्होंने अपनी टीम के लिये दूसरा गोल किया।

दो गोल गंवाने के बाद सकते में आई भारत के लिए रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर चौथा गोल दागा। कोरिया के लिए तीसरा गोल भी पेनल्टी कॉर्नर पर जुंग ने किया।

अभिषेक ने अंतिम सीटी बजने से छह मिनट पहले गोल करके भारत की जीत पर मुहर लगा दी। भारत की अब फाइनल में सात अक्टूबर को चीन या जापान से टक्कर होगी।

भारतीय हॉकी टीम ने अंतिम बार 2014 इंचियोन खेल में स्वर्ण जीतकर ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया था। पिछली बार जकार्ता में 2018 में भारत ने कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था।