Trending

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड : वर्ल्ड कप के पहले मैच में ऐसा होगा मौसम का हाल

इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से वर्ल्ड कप की शुरुआत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने जा रही है। इन दोनों टीमों का आखिरी बार वर्ल्ड कप में सामना पिछले एडिशन के फाइनल में हुआ था।

न्यूजीलैंड की निगाहें वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से अपना पुराना हिसाब चुकता करने पर होगी, गत चैंपियन इंग्लैंड जीत के इरादे से उतरेगा। इस टूर्नामेंट के पहले मैच से पूर्व इंग्लैंड और न्यूजीलैंड दोनों टीमों का सिरदर्द बढ़ा हुआ है।

न्यूजीलैंड के नियमित कप्तान केन विलियमनस चोट की वजह से पहला मैच नहीं खेल रहे है। इंग्लैंड को बेन स्टोक्स के रूप में बड़ा झटका लग सकता है। स्टोक्स को टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले हिप इंजरी हुई है जिसके चलते वह आज का मैच मिस कर सकते है।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजी के स्वर्ग के रूप में पहचाना जाता है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वनडे विश्व कप मैच के दौरान सतह वैसी ही रहने की उम्मीद है।

चूंकि विकेट पर अच्छा उछाल रहता है तो सीम गेंदबाज नई गेंद से गेंदबाजी का आनंद ले सकते है। स्पिनरों को कड़ी मेहनत करनी होगी। यह डे नाइट मैच होगा तो बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को ओस के चलते फायदा मिल सकता है।

इस मैच के दौरान अहमदाबाद में ज्यादातर धूप रहने की उम्मीद है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप मैच के दौरान बारिश की खलल की संभावना नहीं है।

तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, ह्यूमिडिटी 57-64 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की गति लगभग 8-12 किमी/घंटा होगी।

बताते चले कि क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर पिछले वर्ल्ड कप का फाइनल टाई हुआ था जिसके बाद सुपर ओवर तक मैच गया था। सुपर ओवर भी टाई होने के बाद इंग्लिश टीम को बाउंड्री के आधार पर विजेता घोषित कर दिया गया था।

न्यूजीलैंड को इस तरह लगातार दूसरी बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 2015 वर्ल्ड कप में भी कीवी टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारी थी।