एशियाई खेल स्क्वाश : मिश्रित टीम स्पर्धा में दीपिका-हरिंदर ने जीता स्वर्ण
एशियाई खेल में भारत की दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल सिंह संधू ने फाइनल में मलेशिया की जोड़ी को सीधे गेम में मात देकर स्क्वाश मिश्रित युगल का खिताब जीता।
दीपिका और हरिंदर ने फाइनल में आइफा बिंटी अजमन और मोहम्मद सयाफिक बिन मोहम्मद कमल को 35 मिनट में 11-10 11-10 से हराया।
दूसरे गेम में एक समय भारतीय जोड़ी आसान जीत की तरफ बढ़ रही थी, इसके बाद उनकी एकाग्रता टूटी जिससे मलेशिया की जोड़ी मैच को करीबी बनाने में सफल रही।

मलेशिया की जोड़ी ने 3-9 के स्कोर पर लगातार सात अंक से 10-9 की बढ़त बनाई, दीपिका और हरिंदर ने धैर्य बरकरार रखते हुए लगातार दो अंक के साथ जीत दर्ज की।
एशियाई खेलों में संभवत: आखिरी बार खेल रही दीपिका ने अपने अभियान का अंत दो पदक के साथ किया। वह कांस्य पदक जीतने वाली महिला टीम का भी हिस्सा थीं। यह 32 वर्षीय खिलाड़ी चार एशियाई खेल में छह पदक जीत चुकी है जिसमें एक स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक है।