एशियाई खेल : कांस्य पदक के लिए खेलेगी भारतीय महिला हॉकी टीम
एशियाई खेल में भारतीय महिला हॉकी टीम को मेजबान चीन ने 4-0 से हराया। चीन के लिए पहला गोल जियाकी झोंग जियाकी और दूसरा गोल झोऊ मेइरोंग ने किया। तीसरा गोल उसके लिए लियांग मेइयू और चौथा गोल गू बिंगफेंग ने दागा।
भारतीय टीम का अब कांस्य पदक के लिए मुकाबला सात अक्टूबर को जापान या दक्षिण कोरिया से होगा। चीन के खिलाफ महिला हॉकी में भारत की यह 10वीं हार है। दोनों के बीच यह 23वां मैच था। टीम इंडिया ने 11 मैच जीते है, लेकिन आज वह सफलता हासिल नहीं कर सकी। दोनों टीमों के बीच अभी तक दो मैच ड्रॉ रहे।

इस हार के साथ ही भारत का लगातार दूसरी बार एशियाड के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। पिछली बार 2018 में जकार्ता एशियाई खेल के दौरान खिताबी मैच में जापान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय महिला टीम 1982 के बाद से स्वर्ण पदक नहीं जीत पाई है। अब उसका इंतजार और बढ़ गया है। 1998 में टीम इंडिया को दक्षिण कोरिया के खिलाफ फाइनल में हार मिली थी।
बताते चले कि ग्रुप दौर में भारतीय महिला टीम ने पहले मैच में सिंगापुर को 13-0 से हराया था। उसके बाद मलेशिया के खिलाफ 6-0 से जीत दर्ज की थी। दक्षिण कोरिया के खिलाफ तीसरा मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था।
इसके बाद होंग कोंग पर 13-0 की बड़ी जीत दर्ज की थी। भारतीय महिला टीम ने ग्रुप दौर में 33 गोल किए थे। उसके खिलाफ केवल एक गोल हुआ था। टीम ग्रुप दौर में एक भी मैच नहीं हारी थी।