Trending

एशियाई खेल : भारत फाइनल में, बांग्लादेश की 9 विकेट से हार

तिलक वर्मा (55 रन) और रुतुराज गायकवाड़ (40 रन) की पारी से एशियाई खेल में भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाते हुए पदक पक्का कर लिया।

पिंगफेंग कैम्पस क्रिकेट फील्ड में हुए मैच में बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 9 विकेट पर 96 रन का स्कोर बनाया। जवाब में भारत ने 9.2 ओवर में आसानी से लक्ष्य हासिल किया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 21 रन तक अपने 3 विकेट खो दिए और टीम के विकेट लगातार क्रम में गिरते रहे।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

बांग्लादेश से जाकिर अली ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। आसान से लक्ष्य को भारत ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (40) और तिलक वर्मा (55) की पारियों से हासिल किया।

अपना केवल दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे साई किशोर ने कमाल का प्रदर्शन किया। तमिलनाडु के इस बाएं हाथ के युवा स्पिन गेंदबाज ने अपने 4 ओवर में 12 रन देते हुए 3 विकेट झटके। उनके अलावा वाशिंगटन सुंदर ने अपने 4 ओवर के कोटे में 15 रन देते हुए 2 विकेट झटके।

रवि बिश्नोई, तिलक और शाहबाज अहमद ने 1-1 विकेट हासिल किए। भारत से 16 ओवर स्पिन गेंदबाजों ने किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को पहला झटका पहले ओवर में ही लग गया। भारत से पारी की शुरुआत करने आए यशस्वी जायसवाल बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए।

गायकवाड़ और तिलक ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर पिटाई की और भारत को फाइनल का टिकट दिलाया। तिलक ने 26 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 6 छक्के थे। गायकवाड़ ने 26 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए।

भारत अब स्वर्ण पदक के लिए अफगानिस्तान और पाक टीम के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगी। फाइनल 7 अक्टूबर को खेला जाएगा।

बताते चले कि एशियाई खेल में भारतीय क्रिकेट टीम (पुरुष और महिला दोनों) पहली बार भाग ले रही है और हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम स्वर्ण जीत चुकी है।