एशियाई खेल : भारतीय महिला रिकर्व टीम ने जीता कांस्य पदक
एशियाई खेल में भारतीय तीरंदाजों ने रिकर्व वर्ग में यहां पदक के 13 वर्ष के इंतजार को खत्म किया जब अंकिता भकत, सिमरनजीत कौर और भजन कौर की तिकड़ी ने वियतनाम को मात देकर कांस्य पदक जीता।
भारत की पांचवीं वरीय जोड़ी ने कांस्य पदक के मैच में डो थी आन एनगुएट, एनगुएन थी थान नी और हाओंग फुओंग थाओंग की वियतनाम को 6-2 (56-52, 55-56, 57-50, 51-48) से हराया।
मौजूदा एशियाई खेल में यह भारत का रिकॉर्ड सातवां पदक है। भारत पहले ही कंपाउंड वर्ग की मिश्रित, पुरुष और महिला स्पर्धाओं में तीन टीम स्वर्ण पदक जीत चुका है।

अभिषेक वर्मा और ओजस देवताले कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगे जिससे भारत के दो और पदक पक्के है। ज्योति सुरेखा वेन्नम भी महिला कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में पहुंच चुकी है जिससे उनका भी एक पदक पक्का हो गया है।
ग्वांग्झू 2010 खेल के बाद एशियाई खेल में ओलंपिक वर्ग की तीरंदाजी स्पर्धा में यह भारत का पहला पदक है। एशियाई खेल के रिकर्व वर्ग में भारत ने पिछला पदक 2010 में जीता था जब व्यक्तिगत रजत पदक के अलावा देश ने पुरुष और महिला टीम स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते थे।

भारत ने क्वार्टर फाइनल में पांचवें वरीय जापान को 6-2 (53-49, 56-54, 53-54, 54-51) से हराया था, टोक्यो ओलंपिक विजेता दक्षिण कोरिया के खिलाफ सेमीफाइनल में टीम को 2-6 (54-56, 54-57, 57-55, 52-57) से शिकस्त झेलनी पड़ी।