Trending

चीनी खिलाड़ी से हार के चलते एचएस प्रणय को कांस्य पदक

एशियाई खेल में स्टार भारतीय शटलर एचएस प्रणय को पुरुष एकल सेमीफाइनल में गत ऑल इंग्लैंड विजेता चीन के ली शीफेंग के खिलाफ सीधे गेम में हार के चलते कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

कमर में हल्की चोट के साथ खेल रहे दुनिया के सातवें नंबर के भारतीय खिलाड़ी कई गलतियों के चलते आठवें नंबर के खिलाड़ी ली के खिलाफ 51 मिनट में 16-21, 9-21 से हार गए।

(@media.iccsai)

प्रणय ने चीन के खिलाड़ी को शुरुआत में अच्छी टक्कर दी। काफी गलतियां करने की वजह से पहले गेम के बीच में हालांकि वह पिछड़ गए। उन्होंने अंक जुटाने के प्रयास में कई शॉट बाहर मारे।

प्रणय ने 3-1 की बढ़त बनाई, ली ने 5-5 पर स्कोर बराबर कर दिया। भारतीय खिलाड़ी ने स्मैश के साथ स्कोर 8-5 किया, चीन का खिलाड़ी उनकी गलतियों का फायदा उठाकर 10-10 पर बराबरी हासिल करने में सफल रहा।

ब्रेक के समय प्रणय ने 11-10 की मामूली बढ़त बना रखी थी। प्रणय ने स्कोर 13-11 किया लेकिन इसके बाद उनकी गलतियों ने ली को वापसी का अवसर दिया।

ली ने जल्द ही 17-14 की बढ़त बनाई जिसे उन्होंने 19-15 तक पहुंचाया। चीन के खिलाड़ी ने नेट पर अंक के साथ चार गेम प्वाइंट हासिल किए और एक और नेट अंक के साथ पहला गेम जीता।

दूसरे गेम में प्रणय शुरुआत में ही पिछड़ गए। चीन के खिलाड़ी ने 8-4 की बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-6 से आगे था। प्रणय अपनी गलतियों पर अंकुश नहीं लगा पा रहे थे जिससे ली को आसानी से अंक मिल रहे थे। चीन के खिलाड़ी ने 19-9 की बढ़त बनाई। उन्होंने लाइन पर रिटर्न के साथ 11 मैच प्वाइंट हासिल किए और गेम और मैच जीता।

बताते चले कि नई दिल्ली में एशियाड 1982 में सैयद मोदी के कांस्य पदक के बाद पुरुष एकल में यह भारत का 41 साल बाद पहला पदक है। प्रणय पिछले हफ्ते रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का भी हिस्सा थे।