Trending

वर्ल्ड कप : पाक की जीत से शुरुआत, नीदरलैंड के खिलाफ 81 रन से दर्ज की जीत

मोहम्मद रिजवान (68 रन) और सऊद शकील (68 रन) की पारी के बाद हारिस रऊफ (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से वनडे विश्व कप के दूसरे मैच में पाक ने नीदरलैंड को 81 रनों से हराया।

पाक ने इस मैच में साधारण स्कोर ही बनाया था, गेंदबाजों के चलते वह इस मैच को जीतने में सफल रहे। नीदरलैंड के खिलाड़ी बास डी लीडे ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए गहरी छाप छोड़ी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाक ने 49 ओवरों में 10 विकेट खोकर 286 रन बनाए। टीम की तरफ से मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील ने सबसे अधिक रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने मैदान में आई नीदरलैंड टीम 41 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 205 रन ही बना सकी और हार गई। टीम की तरफ से लीडे ने सर्वाधिक 67 रन बनाए। पाक के लिए हारिस रऊफ ने 3 विकेट झटके।

नीदरलैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसे मैक्स ओडाउड (5) के रूप में पहला झटका 28 पर ही लग गया। 50 के स्कोर पर कॉलिन एकरमैन (17) के रूप में दूसरा झटका लगा।

लीडे और विक्रमजीत सिंह ने मोर्चा संभालते हुए अच्छी बल्लेबाजी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों में 70 रन जोड़े। इस जोड़ी के टूटते ही टीम लड़खड़ा गई और लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

@TheRealPCB

सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत ने इस मैच में शानदार पारी खेलते हुए अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 5वां अर्धशतक रहा। वनडे विश्व कप में यहा उनका पहला ही अर्धशतक रहा।

उन्होंने अपनी पारी में 77.61 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में 52 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का जमाया। वह 5 अर्धशतकों के अलावा 1 शतक मार चुके है। वनडे में उनका उच्चतम स्कोर 110 रन का रहा है।

नीदरलैंड की तरफ से लीडे ने पहले गेंदबाजी और बल्लेबाजी में हाथ दिखाते हुए ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने पाक की पारी में दमदार गेंदबाजी करते हुए रिजवान (68), इफ्तिखार अहमद (9), शादाब खान (32) और हसन अली (0) के अहम विकेट झटके।

इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी में भी हाथ दिखाए और शानदार अर्धशतक (68) जड़ा। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 2 शानदार छक्के जड़े।

इस मैच में पाक की गेंदबाजी मिली-जुली रही। टीम की तरफ से रऊफ ने 3 विकेट लिए। हसन अली के खाते में 2 विकेट आए। उनके अलावा शाहीन शाह अफरीदी, इफ्तिकार अहमद, मोहम्मद नवाज और शादाब खान ने 1-1 विकेट लिया।

हसन ने टीम को पहली सफलता जल्द दिलवा दी थी, उसके बाद गेंदबाजों को विकेट के लिए संघर्ष करना पड़ा। अंत में गेंदबाजों ने वापसी करते हुए टीम को जीत दिलाई।