Trending

विश्व कप : मेहदी हसन व नजमुल हुसैन के अर्धशतक, बांग्लादेश की 6 विकेट से जीत

मेहदी हसन (57 रन) और नजमुल हुसैन शान्तो (59 रन) की पारी के बाद शाकिब (तीन विकेट) की जोरदार गेंदबाजी से बांग्लादेश ने विश्व कप के तीसरे मैच अफगानिस्तान को 6 विकेट से मात देकर जीत हासिल की है।

पूरे मैच में अफगानिस्तान टीम कुछ खास नहीं कर पाई। टीम के बल्लेबाजों ने पहले निराश किया और जब उनके गेंदबाजों ने मैच में पूरी ताकत लगाई तो फिल्डरों ने कई आसान कैच छोड़ दिए।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई अफगानिस्तान टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज (47) और इब्राहिम जादरान (22) ने ठीक-ठाक शुरुआत दिलाई, टीम के नियमित अंतराल पर विकेट जाते रहे। कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और पूरी टीम 156 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

बांग्लादेश की तरफ से स्पिन गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया, कप्तान शाकिब अल हसन और मेहदी हसन मिराज ने 3-3 विकेट झटके।

बांग्लादेश की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। 27 रन तक टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन (5) और लिटन दास (13) पवेलियन लौट गए थे।

मेहदी हसन ने शानदार अर्धशतक (57) जड़ा और अफगानिस्तान मैच में वापसी नहीं कर सकी। नजमुल हुसैन शान्तो ने भी अपने करियर का छठा अर्धशतक लगाया और 59 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान के लिए फजलहक फारूकी, नवीन उल हक और अजमतुल्लाह उमरजई ने 1-1 विकेट लिए।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

गुरबाज ने 62 गेंद का सामना किया और 4 चौके और 1 छक्के से 47 रन बनाए। उन्होंने 75.81 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इसी के साथ इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

उन्होंने 27वीं पारी में अपने 1,000 रन पूरे किए और वह अफगानिस्तान की तरफ से सबसे तेज इस आंकड़े तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बने है। उन्होंने रहमत शाह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 31 पारियों में ये मुकाम हासिल किया था।

बांग्लादेश के लिए मेहदी ने 9 ओवर गेंदबाजी की और 3 ओवर मेडन डाले, उन्होंने केवल 25 रन खर्च करते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 2.80 की रही। जब बांग्लादेश की बल्लेबाजी आई तो मेहदी यहां भी चमके और अपने वनडे करियर का तीसरा अर्धशतक जड़ा।

उन्होंने अपनी पारी में 5 शानदार चौके मारे। उनकी स्ट्राइक रेट 78.08 की रही। मेहदी की पारी का ही नतीजा था कि बांग्लादेश को इतनी शानदार जीत मिली।

शाकिब ने अफगानिस्तान के खिलाफ 8 ओवर में 3.80 की इकॉनमी से 30 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (22), रहमत शाह (18) और नजीबुल्लाह जादरान (5) को पवेलियन भेजा। शाकिब ने ही बांग्लादेश के लिए मैच में पहला विकेट लिया।