Trending

वर्ल्ड कप : दक्षिण अफ्रीका के रनों के पहाड़ के आगे श्रीलंका ढेर

क्विंटन डिकॉक (100 रन), रासी वान डेर डुसेन (108 रन) और एडेन मार्करम (106 रन) के शतक के बाद गेराल्ड कोएट्जी (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से वनडे विश्व कप के चौथे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 102 रनों से हराया।

प्रोटियाज टीम ने इस मैच में रिकॉर्ड स्कोर बोर्ड पर लगा दिया जिसके बाद श्रीलंका टीम दबाव में घिरी नजर आई। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से क्विंटन डिकॉक, रासी वान डेर डुसेन और एडेन मार्करम ने शतक जड़ा।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवरों में 5 विकेट खोकर 428 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी श्रीलंका टीम 44.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर सिर्फ 326 रन ही बना सकी और हार गई।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

टीम की तरफ से चरिथ असलंका ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाकर संघर्ष किया। प्रोटियाज टीम की तरफ से गेराल्ड कोएट्जी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका बिना रन बनाए आउट हो गए।

दूसरे विकेट के लिए कुसल परेरा (7) और कुसल मेंडिस ने 40 गेंदों में 66 रन की महत्वपूर्ण पार्टनरशिप की। तीसरे विकेट के लिए मेंडिस और सदीरा समराविक्रमा (23) ने 42 रन जोड़े। छठे विकेट के लिए कप्तान दासुन शनाका (68) और असलंका के बीच 72 गेंदों में 82 रन की अहम पार्टनरशिप हुई।

मेंडिस ने दक्षिण अफ्रीका के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का मजूबती से सामना करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने पारी में 180.95 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों मंन ही 76 रन बना डाले। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 8 छक्के भी मारे।

यह उनके वनडे क्रिकेट करियर का 26वां अर्धशतक रहा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह उनका वनडे में चौथा अर्धशतक रहा। मध्यक्रम के बल्लेबाज असलंका ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साहसिक पारी खेलते हुए अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 10वां अर्धशतक रहा। असलंका जब तक मैदान में रहे श्रीलंका की जीत की उम्मीद बनी रही।

उन्होंने 121.54 की स्ट्राइक से बल्लेबाजी करते हुए 65 गेंदों में 79 रन बनाए। उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जड़े। असलंका वनडे क्रिकेट में डेब्यू के बाद से श्रीलंका के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज है।

विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डिकॉक ने श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 119.05 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 100 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और 3 छक्के निकले।

यह उनके वनडे करियर का 18वां और वनडे विश्व कप में पहला शतक है। इससे पूर्व उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 2 विश्व कप (2015 और 2019) खेले है।

अनुभवी बल्लेबाज डुसेन ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। डुसेन ने श्रीलंका टीम के गेंदबाजों को निशाना बनाते हुए मैदान के हर कोने में शॉट जमाए।

उन्होंने 98.18 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों में 108 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 13 चौके और 2 छक्के निकले। यह उनके वनडे क्रिकेट करियर का 5वां शतक है। वनडे विश्व कप में यह उनका पहला ही शतक है।

मार्करम वनडे विश्व कप में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने 49 गेंदों में ही शतक जमा दिया। उनके बाद सूची में केविन ओब्रायन (50 गेंद) और ग्लेन मैक्सवेल (51 गेंद) है।

उन्होंने 196.30 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 106 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 14 चौके और 3 छक्के भी जमाए। यह उनका तीसरा वनडे शतक रहा। वह इस फॉर्मेट में अब तक 7 अर्धशतक भी जमा चुके है।

वनडे क्रिकेट इतिहास में सर्वाधिक बार 400+ का स्कोर खड़ा करने का विश्व रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के नाम है। उन्होंने 8 बार ऐसा किया है। उसके अलावा भारत (6), इंग्लैंड (5), ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका (2-2), न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे ने 1-1 बार ऐसा किया है।