वर्ल्ड कप : आईसीसी ने श्रीलंका पर क्यों लगाया जुर्माना
आईसीसी वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में श्रीलंका को हार मिली है। टीम पर एक तरह से दोहरी मार पड़ी, क्योंकि टीम मैच तो हारी है और साथ ही टीम पर आईसीसी ने जुर्माना भी ठोक दिया है।
श्रीलंका पर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मैच में स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना लगा है। शनिवार 7 अक्टूबर को आईसीसी पुरुष विश्व कप के चौथे मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए श्रीलंकाई प्लेयर्स पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने समय रहते 50 ओवर में से 2 ओवर देर से फेंकने के लिए श्रीलंका को सजा दी है।
आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत अगर कोई टीम वनडे इंटरनेशनल मैच में एक ओवर देरी से फेंकती है तो टीम के प्लेयर्स पर मैच फीस का 5 फीसदी जुर्माना लगाया जाता है।

श्रीलंका ने दो ओवर देरी से किए। इस वजह से टीम के कप्तान समेत बाकी प्लेयर्स पर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगा है। कप्तान दसुन शनाका ने इस अपराध को स्वीकार कर लिया है और सजा भी मंजूर कर ली है। ऐसे में इस पर कोई सुनवाई नहीं होगी।
ऑन फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और शाहिद सैकत, थर्ड अंपायर माइकल गॉग और फोर्थ अंपायर एलेक्स व्हार्फ ने श्रीलंका पर ये आरोप लगाए थे। इसे मैच रेफरी ने सही पाया और टीम पर 10 फीसदी जुर्माना लगा दिया।