Trending

वर्ल्ड कप : न्यूजीलैंड शीर्ष पर, जानें अन्य टीमों का हाल

वनडे वर्ल्ड कप में भारत ने अपने पहले मैच में पांच बार की विजेता ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया। जीत के लिए मिले 200 रन के लक्ष्य को भारत ने 41.2 ओवर में हासिल कर लिया। इस मैच के साथ ही सभी 10 टीमों ने एक-एक मैच खेल लिए है।

अंक तालिका में अभी तक पांच टीमों का खाता खुला है, पांच टीमें अपने पहले अंक का इंतजार कर रही है। यह विश्व कप 2019 की तरह राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जा रहा है, यानी सभी 10 टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलती दिखेंगी।

लीग राउंड में एक टीम नौ मैच खेलेगी और सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाली चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। मौजूदा अंक तालिका में भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान और बांग्लादेश के पास दो-दो अंक है।

साभार : गूगल

न्यूजीलैंड अंक तालिका में शीर्ष पर है। उसने अपने पहले मैच में इंग्लैंड को नौ विकेट से हराया था। कीवी टीम का नेट रन रेट सबसे बेहतर है। टीम का नेट रन रेट +2.149 है।

दक्षिण अफ्रीका टीम +2.040 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। अफ्रीकी टीम ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को 102 रन से हराया था। तीसरे स्थान पर पाकिस्तान है। उसका नेट रन रेट +1.620 है। उसने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को 81 रन से हराया था।

अंक तालिका में चौथे नंबर पर बांग्लादेश टीम है। उसने अपने पहले मैच में अफगानिस्तान को छह विकेट से हराया था। शाकिब अल हसन की टीम का नेट रन रेट +1.438 है।

भारत अंक हासिल करने वाली टीमों में सबसे नीचे पांचवें स्थान पर है। उसका नेट रन रेट +0.883 है। अभी नेट रन रेट की लड़ाई नहीं आई है क्योंकि यह टूर्नामेंट का शुरुआती फेज है।

आगे चलकर इसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। हर टीम के लिए नेट रन रेट से ज्यादा जीत महत्वपूर्ण है। कोई टीम अपने सभी नौ मैच जीतती है तो वह आसानी से क्वालिफाई करेगी और वह भी पहले स्थान पर रहकर।

ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, नीदरलैंड, श्रीलंका और इंग्लैंड के पास कोई अंक नहीं है। अंक हासिल न कर पाने वाली टीमों का क्रम वैसा ही है जैसा अंक हासिल करने वाली टीम का है।

भारत अगर पांचवें स्थान पर है तो उससे हारने वाली टीम छठे स्थान पर होगी। ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट -0.883 है। चौथे स्थान पर मौजूदा बांग्लादेश से हारने वाली टीम अफगानिस्तान सातवें स्थान पर है। उसका नेट रन रेट -1.438 है।

नीदरलैंड -1.620 के नेट रन रेट के साथ आठवें, श्रीलंका -2.040 नेट रन रेट के साथ नौवें और न्यूजीलैंड से हारने वाली इंग्लिश टीम -2.149 के नेट रन रेट के साथ 10वें स्थान पर है।