Trending

वर्ल्ड कप : न्यूजीलैंड की लगातार दूसरी जीत, नीदरलैंड को 99 रन से हराया

विल यंग (70 रन), टॉम लैथम (53 रन) और रचिन रविंद्र (51 रन) की पारी के बाद मिचेल सैंटनर (5 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से वनडे विश्व कप के छठे मैच में न्यूजीलैंड ने नीदरलैंड को 99 रनों से मात देकर लगातार दूसरी जीत हासिल की है।

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 7 विकेट के नुकसान पर 322 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड मिचेल सैंटनर की घातक गेंदबाजी (5/59) के सामने 223 रन पर ढेर हो गई।

न्यूजीलैंड से विल यंग (70), टॉम लैथम (53) और रचिन रविंद्र (51) ने अर्धशतक मारे। इनके अलावा डेरिल मिचेल (48) और सैंटनर (36) ने भी उपयोगी पारियां खेलते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। नीदरलैंड से वैन डेर मर्व, आर्यन दत्त और पॉल वैन मीकेरेन ने 2-2 विकेट झटके।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

जवाब में डच टीम से कॉलिन एकरमैन (69) ने संघर्ष किया। उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम लक्ष्य से दूर रह गई।

यंग ने डच गेंदबाजों के सामने संभलकर बल्लेबाजी की और अवसर मिलने पर भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने डेवोन कॉनवे (32) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी करते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।

यंग ने 59 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 80 गेंदों में 70 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्होंने रविंद्र के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़े।

यंग को नीदरलैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने अभी तक इस टीम के विरुद्ध 4 पारियां खेली है, जिसमें उन्होंने 98.00 की औसत और 94.53 की स्ट्राइक रेट के साथ 294 रन अपने नाम किए है। उन्होंने अपने वनडे करियर के दोनों शतक नीदरलैंड के खिलाफ ही लगाए है। डच टीम के खिलाफ वनडे प्रारूप में उनके स्कोर क्रमशः 103*, 1, 120 और 70 रन है।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज रविंद्र ने मौजूदा विश्व कप में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। उन्होंने 51 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के से 51 रन की पारी खेली। यह रविंद्र के वनडे करियर का केवल दूसरा अर्धशतक है।

बता दें कि रविंद्र ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में 96 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए थे। इससे पहले उन्होंने वॉर्म-अप मैच में पाकिस्तान के विरुद्ध 97 रन की पारी खेली थी।

बाएं हाथ के बल्लेबाज लैथम नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए, ऐसे में उनपर तेजी से रन बनाने का दबाव था। कीवी कप्तान ने वैसा ही किया और 46 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बना दिए। उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला।

उनकी तेज बल्लेबाजी के ही कारण न्यूजीलैंड 300 से ज्यादा का स्कोर बना पाई। यह लैथम के वनडे करियर का 22वां अर्धशतक रहा।

सैंटनर ने विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज मैक्स ओडॉड (16) के रूप में अपना पहला विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने अर्धशतक लगाकर बल्लेबाजी संघर्ष कर रहे कॉलिन एकरमैन (69) को पवेलियन की राह दिखाई।

इसके बाद उन्होंने विपक्षी कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (30) को अपनी ही गेंद पर कैच पकड़कर आउट किया। आखिर में उन्होंने वैन डेर मर्व (1) और रयान क्लेन (8) के विकेट हासिल किए।