ओलंपिक में अगर हुई क्रिकेट की इंट्री तो आईसीसी को ऐसे होगा बड़ा फायदा
2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट को फ्लैग फुटबॉल, बेसबॉल और सॉफ्टबॉल के साथ शामिल करने की तैयारी है। यह दावा एक अखबार की रिपोर्ट में किया गया।
एक अखबार ने बताया कि ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करने की पुष्टि 15 अक्टूबर को मुंबई में शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के 141वें सत्र में की जाएगी। अखबार के अनुसार, लैक्रोस और स्क्वाश को भी 2028 ग्रीष्मकालीन खेल के लिए अतिरिक्त खेल के रूप में प्रस्तावित किया जा सकता है।
ओलंपिक में क्रिकेट के प्रवेश से इस खेल की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। भारत इस खेल का सबसे बड़ा बाजार है और 2028 सत्र में शामिल होने के बाद देश में आईओसी प्रसारण सौदे का मूल्य काफी बढ़ जाएगा।

अखबार ने बताया कि 2024 ओलंपिक के लिए भारत से प्रसारण करार में आईओसी को 15.6 मिलियन पाउंड (लगभग डेढ़ अरब रुपये) मिलने की संभावना है, 2028 ओलंपिक में क्रिकेट के शामिल होने के बाद यह सौदा 150 मिलियन पाउंड (लगभग 15 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।
महिला क्रिकेट ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेल में अपनी शुरुआत की, पुरुष और महिला क्रिकेट हाल ही में चीन में संप्न्न एशियाई खेल का हिस्सा था। एशियाई खेल में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने स्वर्ण पदक जीते।