एशियाई गेम्स में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों से मिले पीएम मोदी
एशियाई खेल में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीटों के दल के साथ पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान कहा, आप सभी खिलाड़ियों ने जो पराक्रम दिखाया है, जो पुरुषार्थ किया है, जो परिणाम दिया है, उसके कारण देश के हर कोने में एक उत्सव का माहौल है।
100 मेडल पार करने के लिए आपने दिन-रात एक कर दिया। एशियन गेम्स में आप सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से पूरा देश गौरव की अनुभूति कर रहा है।
आप सभी ने इतिहास रचा है। पदक तालिका भारत की सफलता का प्रमाण है। एशियाई खेल में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। व्यक्तिगत रूप से मुझे संतुष्टि है कि हम सब सही दिशा में आगे बढ़ रहे है।

आप सभी ने आने वाली पीढ़ियों के एथलीटों के लिए मार्ग प्रशस्त किया है। एशियाई खेल में प्रदर्शन से ओलंपिक में हमारे प्लेयर्स का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
भारत की ‘नारी शक्ति’ ने भारतीय महिलाओं की क्षमताओं को प्रदर्शित करते हुए अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। जीते गए कुल पदकों में से आधे से अधिक पदक हमारी महिला एथलीटों के हैं। यही नये भारत की भावना है।
नया भारत अंतिम परिणाम तक, अंतिम विजय की घोषणा होने तक अपना प्रयास छोड़ता नहीं है। नया भारत अपना सर्वश्रेष्ठ देने की, सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करता है।
हमारा प्रयास है कि भारत के प्लेयर्स को दुनिया की अच्छी सुविधा मिले। हमारा प्रयास है कि भारत के खिलाड़ियों को देश-विदेश में खेलने के लिए ज्यादा से ज्यादा अवसर मिले। हमारा प्रयास है कि गांव-देहात में रहने वाले स्पोर्ट्स टैलेंट को भी ज्यादा से ज्यादा अवसर मिले।
हमारे सभी प्लेयर्स का मनोबल बना रहे, उन्हें किसी भी तरह की कमी न हो, इसके लिए हमने पूरी शक्ति लगाई है। 9 वर्ष में पहले की तुलना में खेल का बजट भी तीन गुना बढ़ाया जा चुका है। ‘खेलो इंडिया’ गेम चेंजर साबित हुआ है।
नशा-मुक्ति के लिए आपसब लोगों को प्रेरित करें, नशीली दवाओं के खतरे के बारे में जरूर बताएं। आपको ड्रग मुक्त भारत की लड़ाई को ताकत देने के लिए आगे आना चाहिए।
आप मिलेट्स आंदोलन और पोषण मिशन में भी बड़ी भूमिका निभा सकते है। आपको स्कूलों में, बच्चों में सही खान-पान के बारे में अधिक बात करनी चाहिए।