शाहिदी व ओमरजई के अर्धशतक, अफगानिस्तान ने भारत को दी 273 रन की चुनौती
कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (80 रन) और अजमतुल्लाह ओमरजई (62 रन) की पारी से अफगानिस्तान ने वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 272 रन बनाये।
जवाब में भारत ने समाचार लिखे जाने तक 14.6 ओवर में बिना किसी नुकसान के 130 रन बना लिए थे और रोहित शर्मा 92 व ईशान किशन 31 रन बनाकर खेल रहे थे।
शाहिदी ने 85 गेंद की पारी में आठ चौके और एक छक्का मारने के साथ चौथे विकेट के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ चौथे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। ओमरजई ने 69 गेंद की पारी में दो चौके और चार छक्के मारे।
वर्ल्ड कप
शाहिदी ने जहां तेज गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से रन बनाये, ओमरजई ने कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा के खिलाफ आसानी से छक्के मारे।

जसप्रीत बुमराह ने अपनी धारदार गेंदबाजी से प्रभावित करते हुए 10 ओवर में 39 रन देकर चार विकेट झटके। हार्दिक पंड्या ने दो, कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट झटके। मोहम्मद सिराज ने नौ ओवर में बिना किसी सफलता के 76 रन लुटाये।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के बाद सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जदरान (22) ने दूसरे और चौथे ओवर में सिराज के खिलाफ तीन चौके मारे, रहमानुल्लाह गुरबाज (21) ने भी इस गेंदबाज के खिलाफ पारी के छठे ओवर में दो चौके मारे।
दूसरे छोर से शानदार गेंदबाजी कर रहे बुमराह ने जदरान को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। हार्दिक पंड्या ने 13वें ओवर में गुरबाज को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई।
हार्दिक की बाउंसर को गुरबाज फाइनलेग बाउंड्री के पास खड़े शार्दुल के हाथों में खेल बैठे। अगले ओवर में शार्दुल ने रहमत शाह (16) को पगबाधा कर दिया। जिससे अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 63 रन से तीन विकेट पर 63 रन हो गया।
शाहिदी और ओमरजई ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ अगले कुछ ओवर में रक्षात्मक नीति अपनायी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा में 16वें ओवर के बाद दोनों छोर से स्पिनरों को गेंद थमाई।
कुलदीप और जडेजा ने शुरुआत में किफायती गेंदबाजी की। 22वें ओवर में पांच क्षेत्ररक्षकों को 30 गज के घेरे से बाहर रखने पर जडेजा की गेंद को नो बॉल करार दिया गया, हशमतुल्लाह शाहिदी इसका फायदा नहीं उठा सके।
इसी ओवर में गेंद शाहिदी के बल्ले का किनारा लेते हुए विकेट के पीछे चार रन के लिए गयी जो 13वें ओवर के बाद टीम का पहला चौका था। अफगानिस्तान ने 24वें ओवर की आखिरी गेंद पर शाहिदी के एक रन के साथ रनों का सैंकड़ा पूरा किया।
ओमरजई ने अगले ओवर में कुलदीप के ओवर में दो छक्के मारकर शाहिदी के साथ 70 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। उन्होंने अपनी पारी का तीसरा छक्का लगाया।
30वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये सिराज प्रभाव छोड़ने में विफल रहे। शाहिदी ने भी बुमराह और सिराज पर चौके के साथ टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया।
ओमरजई ने 32वें ओवर में 62 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। अगले ओवर में ओमरजई और शाहिदी ने शतकीय साझेदारी पूरी की। अफगानिस्तान के कप्तान ने इसके बाद हार्दिक पर चौके से 58 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और अगली गेंद पर छक्का जड़ा डाला।
ओमरजई ने कुलदीप के दूसरे स्पैल में छक्के से स्वागत किया, हार्दिक ने 35वें ओवर में चौका खाने के बाद उन्हें बोल्ड कर चौथे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी को तोड़ा। यह विश्व कप में किसी भी विकेट के लिए अफगानिस्तान के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
भारतीय गेंदबाज रनों पर थोड़ा अंकुश लगाने में सफल रहे। अफगानिस्तान ने 37वें ओवर में 200 रन पूरे किये। शाहिदी ने शार्दुल और सिराज पर चौके मारे, कुलदीप ने अफगानिस्तान के कप्तान को पगबाधा कर मैच में भारतीय टीम की वापसी करायी। बुमराह ने 45वें ओवर में नजीबुल्लाह जदरान (दो) और मोहम्मद नबी (19) को चलता कर टीम को दोहरी सफलता दिलाई।
मुजीब उर रहमान (नाबाद 10) ने हालांकि उनके अगल ओवर में लगातार गेंदों पर चौके जड़े तो वहीं राशिद खान (16) ने सिराज पर चौका और छक्का मार कर टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचाया।
बुमराह की धीमी बाउंसर पर कुलदीप ने शानदार कैच लपककर राशिद की पारी का अंत किया। नवीन उल हक (नाबाद नौ) के मैदान पर उतरते ही दर्शक कोहली-कोहली का नारा लगाने लगे। नवीन और कोहली के बीच आईपीएल के दौरान विवाद हुआ था। मुजीब और नवीन हालांकि टीम को 270 के स्कोर के पार ले जाने में सफल रहे।