Trending

कप्तान रोहित के शतक से भारत की जीत, अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया

रोहित शर्मा (131 रन), ईशान (47 रन), विराट (नाबाद 55 रन), श्रेयस अय्यर (नाबाद 25 रन) की पारी के बाद जसप्रीत बुमराह (4 विकेट) की गेंदबाजी से विश्व कप के 9वें मैच में भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया।

इस मैच में भारत के लिए रोहित शर्मा की शतकीय पारी ने गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर कमाल किया। टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। पहले मैच में टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी आई अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 272 रन बनाए। टीम की तरफ से हशमतुल्लाह शाहीदी (80) ने सबसे अधिक रन बनाए।

वर्ल्ड कप

लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी भारत ने 35 ओवर में 2 विकेट खोकर आसान जीत हासिल कर ली। टीम की तरफ से रोहित ने सर्वाधिक 131 रन बनाए। अफगानिस्तान की तरफ से राशिद खान ने 2 विकेट झटके।

भारत की शुरुआत काफी शानदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और ईशान किशन (47) के बीच 112 गेंदों में 156 रन की साझेदारी हुई।

रोहित और विराट कोहली (55) ने भी कुशलता से बल्लेबाजी करते हुए रन गति में इजाफा जारी रखा। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 49 रन की साझेदारी हुई। रोहित ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से लक्ष्य को बौना साबित करते हुए आसान जीत का मार्ग प्रशस्त किया।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

रोहित ने इस पारी में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने अपने वनडे करियर का 31वां शतक जमाया। इस मामले में उन्होंने रिकी पोंटिंग (30) को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा यह विश्व कप में उनका रिकॉर्ड 7वां शतक रहा। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर (6) को पीछे छोड़ दिया।

उन्होंने पारी में 155.95 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 131 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और 5 छक्के मारे।

रोहित वनडे विश्व कप में छठे सबसे तेज शतक मारने वाले बल्लेबाज बन गए है। रोहित ने मैच में 63 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस लिस्ट में पहले नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज एडेन मार्करम (49) है। उन्होंने इसी विश्व कप में यह रिकॉर्ड बनाया था।

लिस्ट में रोहित से आगे आयरलैंड के केविन ओब्रायन (50), ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (51), दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (52) और इंग्लैंड के इयोन मोर्गन (57) है।

रोहित इसी पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के (556) लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने 543वें अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की है।

इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने 483 अंतरराष्ट्रीय मैच की 551 पारियों में 553 छक्के लगाए थे।

इन दोनों के बाद लिस्ट में शाहिद अफरीदी (524 मैच में 476), ब्रेंडन मैकुलम (432 मैच में 398), मार्टिन गुप्टिल (367 मैच में 383) है। वनडे विश्व कप के इतिहास में यह अफगानिस्तान द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर (272) है। अफगानिस्तान का विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर वर्ष 2019 के संस्करण में वेस्टइंडीज (288 रन) के खिलाफ आया था।

साथ ही शाहीदी ने इस मैच में अफगानिस्तान के लिए वनडे विश्व कप का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। लिस्ट में पहला नाम समीउल्लाह शिनवारी (96 बनाम स्कॉटलैंड, 2015) का है। दूसरा नाम इकराम अलीखिल (86 बनाम वेस्टइंडीज, 2019) का है।

अफगानिस्तान के कप्तान शाहिदी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम को सम्मानजक स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका अदा की। उन्होंने अपने वनडे करियर का 17वां अर्धशतक जमाया।

उन्होंने 90.91 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 88 गेंदों में 80 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का जमाया। शाहीदी अफगानिस्तान की तरफ से वनडे क्रिकेट में छठे सबसे अधिक रन (1,873) बनाने वाले बल्लेबाज है।

अजमततुल्लाह उमरजई ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण रन जुटाए। उन्होंने अपने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक जमाया। साथ ही वनडे विश्व कप में यह उनका पहला अर्धशतक रहा।

उन्होंने मैच में 89.86 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 69 गेंदों में 52 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 4 छक्के भी जमाए। बीच के ओवरों में उन्होंने भारतीय स्पिन अटैक का बड़ी ही कुशलता के साथ सामना किया।