Trending

वर्ल्ड कप : न्यूजीलैंड की लगातार तीसरी जीत, डेरिल मिशेल व केन विलियमसन का कमाल

डेरिल मिशेल (89 रन), केन विलियमसन (79 रन) की पारी के बाद लॉकी फर्ग्यूसन (तीन विकेट) की गेंदबाजी से वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 43 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से मात देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

न्यूजीलैंड को 246 रन का लक्ष्य मिला था और उसने 42.5 ओवर में दो विकेट पर 248 रन बनाकर आसानी से जीती।विलियमसन ने अंगूठे की चोट की वजह से रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 107 गेंद पर 78 रन बनाए जिसमें आठ चौके और एक छक्का भी है।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

उन्होंने एक छोर संभाल कर पारी संवारने का काम किया। डेवोन कॉनवे (59 गेंद पर 45 रन) के साथ 80 रन की पार्टनरशिप की, मिशेल (67 गेंद पर नाबाद 89 रन, छह चौके, चार छक्के) के साथ उन्होंने 108 रन जोड़े।

मिशेल ने छक्के से अपनी पारी की शुरुआत की थी और उन्होंने छक्के से ही मैच का अंत भी किया। न्यूजीलैंड की यह लगातार तीसरी जीत है जिससे वह 6 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर आ गया है।

शुरू में बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई थी और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 56 रन था। बांग्लादेश नौ विकेट पर 245 रन तक पहुंचने में कामयाब रहा तो उसका श्रेय अपना पांचवा विश्व कप खेल रहे मुशफिकुर रहीम (75 गेंद पर 66 रन, छह चौके, दो छक्के) और कप्तान शाकिब अल हसन (51 गेंद पर 40 रन, तीन चौके, दो छक्के) की 96 रन की साझेदारी और महमुदुल्लाह की नाबाद 41 रन की पारी को जाता है।

न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्यूसन ने 49 रन देकर तीन विकेट की सफलता मिली। दो अन्य तेज गेंदबाजों ट्रेंट बोल्ट (45 रन देकर दो) और मैट हेनरी (58 रन देकर दो) ने उनका अच्छा साथ दिया।

न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही तथा उसने पहले दो मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले रचिन रविंद्र (09) का विकेट जल्दी गंवा दिया। कीवी बल्लेबाजों ने संभलकर बल्लेबाजी की। बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने भी उनको खुलकर खेलने की अनुमति नहीं दी।

विलियमसन और कॉनवे ने भी किसी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखाई और सहजता से रन बटोरने को प्राथमिकता दी। शाकिब ने कॉनवे को पगबाधा आउट करके यह साझेदारी, तब तक वह टीम को शुरुआती झटके से उबार चुके थे। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए।

विलियमसन को देखकर किसी भी समय ऐसा नहीं लगा कि वह लंबे समय बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल रहे है। उनके ड्राइव शानदार थे और शाकिब पर लगाया गया उनका छक्का दर्शनीय था। उन्होंने 81 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

डेरिल मिशेल ने छक्के से अपना खाता खोला और आखिर तक अपनी आक्रामकता बनाए रखी। उन्होंने शाकिब पर छक्का जड़कर 43 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। ग्लेन फिलिप्स 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

बांग्लादेश के लिए शुरूआत में कुछ भी अच्छा नहीं रहा। उसने टॉस गंवाया और मैच की पहली गेंद पर फॉर्म में चल रहे लिटन दास का विकेट, जिन्होंने बोल्ट की ओवर पिच गेंद को फ्लिक करके बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच दिया।

दास विश्व कप में मैच की पहली गेंद पर आउट होने वाले छठे बल्लेबाज बने। दूसरे सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन (16) ने फर्ग्यूसन की गेंद पर स्क्वायर लेग पर आसान कैच देने से पहले अपनी संक्षिप्त पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए। मेहदी हसन मीराज (30) पर पारी संवारने का जिम्मा था, वह भी फर्ग्यूसन की शॉर्ट पिच गेंद पर सीमा रेखा पर कैच दे बैठे।

केन विलियमसन ने ऐसे में चतुराई दिखाई और कामचलाऊ ऑफ स्पिनर स्पिनर ग्लेन फिलिप्स को आक्रमण पर लगाया जिन्होंने अपनी पहली गेंद पर ही नजमुल हसन शंटो (07) को पवेलियन भेजकर कप्तान का फैसला सही साबित किया।

ऐसे हालातों में रहीम का जवाबी हमला करने का निर्णय सही रहा। उन्होंने फिलिप्स पर कदमों का इस्तेमाल करके छक्का और रिवर्स स्वीप से चौका जड़कर अपने इरादे जतलाए। फर्ग्यूसन पर लगाया गया उनका छक्का भी दर्शनीय था। इसी गेंदबाज पर चौका जड़कर उन्होंने 52 गेंद पर अपना अर्थशतक पूरा किया।

शाकिब ने शुरू में संभलकर बल्लेबाजी की, बाद में उन्होंने रचिन रविंद्र और फर्ग्यूसन पर छक्के लगाए। न्यूजीलैंड जल्द ही इन दोनों अनुभवी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने में सफल रहा।

शाकिब ने फर्ग्यूसन के बाउंसर पर विकेटकीपर टॉम लैथम को हवा में लहराता कैच दिया, हेनरी ने धीमी ऑफकटर पर रहीम को बोल्ड किया।

बोल्ट ने तौहीद हृदोय (13) को कवर पर कैच कराकर वनडे में अपना 200वां विकेट लिया। लेकिन महमुदुल्लाह ने एक छोर पर टिककर बांग्लादेश को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 49 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। तस्कीन अहमद ने दो छक्कों से 17 रन का योगदान दिया।