विश्व कप: भारतीय गेंदबाजों का कमाल, पाक 191 रन पर ढेर
बाबर आजम (50 रन), मोहम्मद रिजवान (49 रन) की पारी से पाकिस्तान यहाँ वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ 42.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 191 रन पर ढेर हो गई है। पाक कप्तान बाबर आजम ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 50 रन बनाए। बाबर के अलावा मोहम्मद रिजवान ने 49, इमाम उल हक ने 36 और अब्दुल्लाह शफीक ने 20 रन बनाए।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। पाक को अब्दुल्लाह शफीक और इमाम उल हक ने सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े।
41 रन पर मोहम्मद सिराज ने शफीक को एलबीडब्ल्यू कर भारत को पहली सफलता दिलाई। शफीक ने 20 रन बनाए। 73 रन पर हार्दिक पांड्या ने इमाम को राहुल के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई।

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी कर पाकिस्तान का स्कोर 155 तक पहुंचाया, यहां से लग रहा था कि पाकिस्तान बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहेगी, सिराज ने बाबर आजम को आउट करके भारत को तीसरी सफलता दिलाई।
बाबर ने 58 गेंदों पर 7 चौकों से 50 रन बनाए। बाबर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए सउद शकील कुछ खास नहीं कर सके और 162 के स्कोर पर सिर्फ 6 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए।
कुलदीप ने इफ्तिखार अहमद (04) को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद रिजवान (49) और शाजाब खान (02) को आउट करके पाक का स्कोर 7 विकेट पर 171 रन कर दिया।
187 रन पर हार्दिक पांड्या ने मोहम्मद नवाज (04) को आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। रवींद्र जडेजा ने 187 रन पर ही पहले हसन अली (12) और हारिस रऊफ (02) को आउट कर पाक की पारी का अंत किया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए।