विश्व कप : पाक फिर फिसड्डी, भारत ने आठवीं बार हराया
रोहित शर्मा (86 रन), श्रेयस अय्यर (53 रन) की पारी से भारत ने पाकिस्तान को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए वर्ल्ड कप मैच में 7 विकेट से हराया। भारत ने इसी के साथ ही वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में पाक को 8वीं बार हराया है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए वर्ल्ड कप के मैच में भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान टीम ने घुटने टेक दिए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाक टीम 42.5 ओवर में 191 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को 2-2 विकेट मिले।
पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम ने सबसे अधिक 50 रन बनाए, मोहम्मद रिजवान ने 49 रनों की पारी खेली। इसके अलावा इमाम उल हक ने 36 रन बनाए।

जवाब में भारत ने 30.3 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 192 रन बनाते हुए ये मैच जीत लिया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे अधिक 86 रन बनाए। रोहित ने अपनी पारी में 6 चौके और 6 छक्के जड़े। रोहित शर्मा के अलावा श्रेयस अय्यर ने 53 रनों की पारी खेली। केएल राहुल ने 19 रन बनाए। शुभमन गिल और विराट कोहली ने 16-16 रन बनाए।
इसी बीच पीएम मोदी ने टीम इंडिया को जीत के लिए बधाई देते हुए ट्वीट पर लिखा कि, टीम इंडिया हर तरह से! सर्वांगीण उत्कृष्टता के दम पर आज अहमदाबाद में एक शानदार जीत। टीम को बधाई और आगे के मैचों के लिए शुभकामनाएं।
इसी के साथ भारत ने वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर 8-0 बार जीत दर्ज की। वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ काफी अच्छा है।

भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप में अभी तक कुल 8 मैच हुए है, जिसमें से सभी 8 मैच टीम इंडिया ने जीते है। भारत ने पाकिस्तान को 1992, 1996, 1999, 2003, 2011, 2015, 2019 और 2023 सभी 8 वनडे वर्ल्ड कप टूर्नामेंट्स में बुरी तरह हराया है।